उन्होंने कहा कि आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे का रिकॉर्ड समय में निर्माण देश के लिए एक उदाहरण है। यह प्रदेश के आर्थिक बदलाव का कारक बनेगा।
मुख्यमंत्री मंगलवार को अपने सरकारी आवास पर जनपद गाजीपुर में चंदौली सकलडीहा-सैदपुर मार्ग पर गंगा नदी पर निर्मित सेतु के लोकार्पण के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने इस पुल के निर्माण के लिए उत्तर प्रदेश राज्य सेतु निगम को बधाई देते हुए कहा कि इस पुल के निर्मित हो जाने से लोगों को सुविधा होगी।
उन्होंने कहा, “उनका सफर आसान होगा, व्यापारिक तथा विकास संबंधी गतिविधियों को गति मिलेगी। सैदपुर तहसील का सीधा संपर्क जनपद चंदौली से हो जाएगा, जिससे वाराणसी में ट्रैफिक के दबाव में कमी आएगी। इस पुल के निर्माण की मांग एक लंबे अरसे से की जा रही थी। इससे क्षेत्र के लोगों का गंगा नदी पर सेतु निर्माण का सपना साकार हो गया है।”
यादव ने कहा कि सड़कें और पुलों के अच्छे नेटवर्क से लोगों को लाभ मिलता है। उनका समय बचता है और आर्थिक बदलाव आते हैं। उन्होंने निर्देश दिए कि अधूरे पुलों का तेजी से निर्माण कर उन्हें पूरा कराया जाए। उन्होंने कहा, “समय के साथ निर्माण संबंधी कार्यो में तकनीक और डिजाइन के स्तर पर बदलाव आया है, जिसे अपनाकर हम तेजी से तरक्की कर सकते हैं।”
गाजीपुर में चंदौली सकलडीहा-सैदपुर मार्ग पर सैदपुर के निकट गंगा नदी पर लगभग 1755.00 मीटर लंबे 2-लेन सेतु का निर्माण कार्य सेतु निगम द्वारा पूरा किया गया है। इसकी स्वीकृत लागत 108.84 करोड़ रुपये है।
इस अवसर पर राजनैतिक पेंशन मंत्री राजेंद्र चौधरी, प्रमुख सचिव लोक निर्माण विभाग सुधीर गर्ग, सेतु निगम के प्रबंध निदेशक एम.एन. खान, संयुक्त प्रबंध निदेशक डी.एस.अरोड़ा सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।
dharmpath.com dharmpath