दमिश्क, 23 नवंबर (आईएएनएस)। सीरियाई सेना ने नए सिरे से विद्रोहियों से आग्रह किया है कि वे अलेप्पो में अपने कब्जे वाले इलाकों से आम नागरिकों को शांतिपूर्वक निकलने दें।
सरकारी समाचार एजेंसी ‘सना’ ने यह जानकारी दी।
समाचार एजेंसी ‘सिन्हुआ’ ने एक बयान का हवाला देते हुए बताया कि सीरियाई सेना की जनरल कमान ने पूर्वी अलेप्पो के विद्रोहियों से आग्रह किया है कि जो सीरियाई नागरिक विद्रोहियों के कब्जे वाले इलाकों से निकलना चाहते उन्हें निकलने दिया जाए और साथ ही उन इलाकों में नागरिकों के लिए खाद्यान्न के गोदामों को खोलने की अनुमति दी जाए।
सेना ने जोर देकर कहा है कि सीरियाई सरकार पूर्वी अलेप्पो से पश्चिमी अलेप्पो में सरकारी नियंत्रण वाले हिस्सों की ओर घायलों और बीमारों को निकलने देने के लिए पहले से तय गलियारों के प्रयोग की अनुमति देती है।
यह खबर उस घटना के बाद आई है जिसके अनुसार, पूर्वी अलेप्पो में मुश्किल हालात के चलते हाल ही में नागरिकों ने खाद्य सामग्री से भरे गोदामों पर हमला कर दिया था।
सामाजिक कार्यकर्ताओं ने कहा कि सरकारी सैन्य बलों द्वारा पूर्वी अलेप्पो में विद्रोहियों के कब्जे वाले इलाकों में की गई भारी गोलीबारी के कारण अस्पताल बंद पड़े हुए हैं।
इस बीच, सीरियाई सैनिकों ने नागरिकों से आग्रह किया है कि वे उनके साथ सहयोग करें और सड़कों पर निकलने के जोखिम से बचें और विद्रोहियों के निशाने से दूर रहें।
बयान में विद्रोहियों को आत्मसमर्पण कर राष्ट्रपति से क्षमादान लेने के लिए भी प्रोत्साहित किया गया है।
एक सूत्र के अनुसार, सीरियाई विमानों ने विद्रोहियों से आत्मसमर्पण का आग्रह करते हुए मंगलवार को पूर्वी अलेप्पो में पर्चे गिराए।
dharmpath.com dharmpath