कोलकाता, 23 नवंबर (आईएएनएस)। नोटबंदी के केंद्र सरकार के निर्णय के खिलाफ राज्य की सत्ताधारी पार्टी तृणमूल कांग्रेस ने यहां बुधवार को एक विशाल विरोध रैली निकाली, जिसमें पश्चिम बंगाल के मंत्रियों और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने भाग लिया।
प्रदर्शनकारी 500 और 1,000 रुपये के नोटों को अमान्य घोषित करने और उसके आम लोगों पर पड़ रहे बुरे प्रभावों की निंदा करने वाली तख्तियां और पोस्टर हाथ में लिए हुए थे। रैली उत्तरी कोलकाता के कॉलेज स्क्वोयर से शुरू हुई और मध्य कोलकाता के दोरिना क्रॉसिंग तक करीब तीन किलोमीटर की दूरी तय की।
रैली में राज्य सरकार के मंत्रियों अमित मित्रा, ब्रत्य बसु, फिरहाद हाकिम, साधन पांडे, पार्थ चटर्जी, सोवनदेव चटर्जी, इंद्राणी सेन, पार्टी के कई विधायकों, कोलकाता नगर निगम के पार्षदों के साथ-साथ तृणमूल के राष्ट्रीय महासचिव सुब्रत बक्शी और पार्टी के अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी शामिल हुए।
नगर विकास मंत्री फिरहाद हाकिम ने राष्ट्रीय राजधानी में जंतर मंतर पर दिन में तृणमूल कांग्रेस की प्रमुख के नेतृत्व धरना प्रदर्शन का उल्लेख करते हुए कहा, “हमारी नेता ममता बनर्जी अधिनायकवादी केंद्र सरकार के खिलाफ राष्ट्रव्यापी आन्दोलन का नेतृत्व कर रही हैं। लोगों की परेशानी के मद्देनजर हम राज्य में उनके पद चिन्हों पर चल रहे हैं।”
अर्थशास्त्री और राज्य के वित्त मंत्री अमित मित्रा ने कहा, “इतने बड़े पैमाने पर दुनिया में कहीं भी नोटबंदी नहीं हुई। यह आम लोगों पर हमला है। इस कदम से कालाधन का पता नहीं लगेगा।”
dharmpath.com dharmpath