इस्लामाबाद, 23 नवंबर (आईएएनएस)। अमेरिका, पाकिस्तान के सेना प्रमुख जनरल राहील शरीफ को आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में एक मूल्यवान और सम्मानीय साझेदार के रूप में देखता है।
जनरल के सेना प्रमुख पद से मुक्त होने की मीडिया में आई खबरों के बारे में पूछे गए सवाल के जवाब में अमेरिकी विदेश विभाग के एक प्रवक्ता ने मंगलवार को कहा कि पाकिस्तानी सेना में किसी प्रकार का बदलाव देश का अंदरूनी मामला है और इस बदलाव को लेकर कोई भी बयान पाकिस्तान सरकार की ओर से ही आना चाहिए।
डॉन के मुताबिक, प्रवक्ता ने कहा, “हमने सेना प्रमुख के बदलाव से संबंधित खबरें देखी हैं। यह पाकिस्तान का अंदरूनी मामला है और आपको इससे संबंधित जानकारी पाकिस्तान सरकार से लेनी चाहिए।”
विभाग ने इस्लामाबाद में अमेरिकी दूतावास द्वारा जारी एक बयान भी साझा किया।
बयान के मुताबिक, “हमने आईएसपीआर की ओर से जारी बयान देखे हैं, जिनमें घोषणा की गई है कि जनरल राहील शरीफ अपने तीन साल के कार्यकाल की समाप्ति के बाद सेना प्रमुख के पद से हट रहे हैं।”
बयान में आगे कहा गया है कि “जनरल शरीफ सेना प्रमुख के तौर पर अपने पूरे कार्यकाल के दौरान आतंकवाद के खिलाफ क्षेत्रीय लड़ाई में एक मूल्यवान और सम्मानीय साझेदार रहे हैं। हम उन्हें और उनके परिवार को बधाई देते हैं और उन्हें शुभकामनाएं देते हैं।”
जनरल शरीफ ने 2014 और 2015 में अपनी वाशिंगटन यात्रा के दौरान अमेरिकी विदेश मंत्री जॉन केरी के साथ दो बैठकें की थीं।
dharmpath.com dharmpath