नई दिल्ली, 23 नवंबर (आईएएनएस)। डिजिटल वॉलेट कंपनियों ने बुधवार को भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) के मोबाइल वॉलेट पर खर्च की सीमा को यूजर्स के लिए 20,000 रुपये और मर्चेट बैंक ट्रांसफर के लिए 50,000 रुपये बढ़ाने की घोषणा का स्वागत किया है।
आरबीआई ने यह घोषणा नोटबंदी के बाद नकदी की कमी को देखते हुए की है। मोबिक्विक के सहसंस्थापक उपासना टाकू ने एक बयान में कहा, “आरबीआई के इस कदम से देश में मोबाइल वॉलेट के इस्तेमाल को बढ़ावा मिलेगा तथा नकदी की कमी के कारण आम आदमी और दुकानदारों को हो रही परेशानी दूर होगी।”
उन्होंने कहा, “हमे अपने प्रयोक्ताओं खासकर विक्रेताओं से वॉलेट के इस्तेमाल में महज 10,000 रुपये की सीमा होने के कारण हो रही परेशानी के बारे में सुना है। उनका कहना है कि यह सीमा केवल एक हफ्ते में ही खत्म हो जाती है। अब इस सीमा के दोगुना होने से उन्हें फायदा मिलेगा।”
फ्रीरिचार्ज के मुख्य कार्यकारी अधिकारी गोविंद राजन ने एक बयान में कहा, “खर्च की सीमा दोगुनी करने से प्रयोक्ताओं और छोटे व्यापारियों को लाभ होगा। हाल के दिनों में डिजिटल वॉलेट के इस्तेमाल में काफी तेजी देखने को मिली है। सीमा में बढ़ोतरी से प्रयोक्ताओं और व्यापारियों दोनों को लाभ होगा।”
आरबीआई ने साल के अंत तक इस सीमा में दोगुनी बढ़ोतरी को जारी रखने की घोषणा की है।
dharmpath.com dharmpath