बैडमिंटन : हांगकांग ओपन में सायना का जीत से आगाज

हांगकांग, 23 नवंबर (आईएएनएस)। भारत की शीर्ष महिला बैडमिंटन खिलाड़ी सायना नेहवाल ने घुटने के ऑपरेशन के बाद कोर्ट पर वापसी करते हुए बुधवार को पहली जीत हासिल कर ली।

सायना ने चीन ओपन में मिली हार का बदला चुकाते हुए बुधवार को हांगकांक ओपन के महिला एकल वर्ग के पहले दौर के मुकाबले में थाईलैंड की बी. पोर्नटिप को हरा दिया।

सायना ने पोर्नटिप को 56 मिनट के संघर्षपूर्ण मुकाबले में 12-21, 21-19, 21-17 से हराया।

रियो ओलम्पिक के पहले ही दौर से हारकर बाहर होने के बाद घुटने का ऑपरेशन करवाकर लंबे समय से कोर्ट से बाहर चल रहीं सायना ने बीते सप्ताह चीन ओपन से वापसी की, हालांकि वहां भी उन्हें पहले दौर में ही हार झेलनी पड़ी थी। चीन ओपन के भी पहले दौर में उन्हें पोर्नटिप ने ही हराया था।

छठी विश्व वरीयता प्राप्त सायना को टूर्नामेंट में पांचवीं वरीयता दी गई है। सायना को पोर्नटिप से कड़ी टक्कर मिली और पोर्नटिप पहला गेम जीतने में भी सफल रहीं। लेकिन सायना ने इसके बाद जबरदस्त वापसी करते हुए अगले दोनों गेम जीत लिए और दूसरे दौर में प्रवेश कर लिया।

पहले गेम में सायना मामूली संघर्ष कर पाईं और 6-6 के स्कोर के बाद पोर्नटिप ने लगातार पांच अंक हासिल करते हुए एक बार जो बढ़त ली तो उसके बाद उन्होंने पीछे मुड़कर नहीं देखा।

दूसरे गेम में भी पोर्नटिप एक समय 9-5 से बढ़त ले चुकी थीं। लेकिन यहां से सायना ने लगातार पांच अंक अर्जित करते हुए बढ़त ली और 19-19 तक लगातार बढ़त लिए रहीं। पोर्नटिप ने संघर्ष करते हुए स्कोर बराबर तो कर लिया, लेकिन सायना ने आखिरी के दो अहम अंक लेते हुए गेम जीत लिया और मैच 1-1 से बराबरी पर ला दिया।

दूसरा गेम जीतकर मैच में वापसी करने के बाद सायना ने तीसरे निर्णायक गेम में कमाल का प्रदर्शन किया और पोर्नटिप को एकबार भी आगे नहीं निकलने दिया। सायना ने लगातार बढ़त कायम रखते हुए यह गेम भी जीत लिया और मैच पर कब्जा जमाया।

इस जीत के साथ सायना ने पोर्नटिप के खिलाफ अपनी जीत-हार का आंकड़ा और बेहतर करते हुए 10-2 कर लिया।

अब सायना दूसरे दौर में जापान की सयाका साटो से भिड़ेंगी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493