नोटबंदी एक घोटाला, जेपीसी जांच हो : राहुल (लीड-1)

नई दिल्ली, 23 नवंबर (आईएएनएस)। कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने बुधवार को कहा कि नोटबंदी एक घोटाला है। उन्होंने यह भी कहा कि विपक्ष चाहता है कि इस मुद्दे की जांच के लिए एक संयुक्त संसदीय समिति (जेपीसी) गठित की जाए।

राहुल ने अन्य 12 विपक्षी दलों के साथ एक विरोध प्रदर्शन के दौरान कहा, “हम महसूस करते हैं कि यह निर्णय एक घोटाला है। प्रधानमंत्री ने घोषणा से पहले अपने करीबी मित्रों को इसकी सूचना दी थी। इसकी जांच के लिए हम एक जेपीसी का गठन चाहते हैं।”

उन्होंने कहा, “प्रधनमंत्री ने जो किया है, वह दुनिया में जल्दबाजी किया गया सबसे बड़ा वित्तीय प्रयोग है।”

राहुल ने कहा, “मोदी पॉप संगीत कार्यक्रम में जा कर बोल सकते हैं, लेकिन संसद में नहीं, जहां 200 विपक्षी सांसद उनकी उपस्थिति की मांग कर रहे हैं।”

संसद के बाहर प्रदर्शन में कांग्रेस, समाजवादी पार्टी, माकपा, भाकपा, जनता दल (युनाईटेड), तृणमूल कांग्रेस, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) और डीएमके के सदस्य शामिल थे।

राहुल ने कहा कि वित्तमंत्री अरुण जेटली को भी इस निर्णय के बार में नहीं पता था। हालांकि, उन्होंने तुरंत कहा कि कई उद्योगपतियों और भाजपा के सदस्यों को नोटबंदी के निर्णय के बारे में काफी पहले से पता था।

कांग्रेस उपाध्यक्ष ने कहा, “निर्णय लेने से पहले प्रधानमंत्री ने किसी से भी नहीं पूछा, यहां तक कि वित्तमंत्री और मुख्य आर्थिक सलाहकार से भी नहीं। लेकिन भाजपा के भीतर कई लोगों और उद्योगपतियों को जानकारी थी। निर्णय लेने से पहले बैंकों में बड़े पैमाने पर धनराशि जमा कराई गई।”

विपक्षी सदस्य हाथ में तख्तियां लिए हुए थे, जिन पर ‘यह एक सर्जिकल कार्रवाई नहीं, आम जन पर भीषण बमबारी है’, ‘मेहनत की कमाई की नोटबंदी’, ‘गरीब लोगों की रक्षा करो’ और ‘आम लोगों का उत्पीड़न बंद करो’ जैसे नारे लिखे हुए थे।

दोपहर तक लोकसभा की कार्यवाही स्थगित होने के बाद विरोध के दौरान अपने संबोधन में राहुल ने कहा कि सरकार स्थगन प्रस्ताव के तहत बहस कराने से डरती है।

लोकसभा में विपक्षी सदस्य स्थगन प्रस्ताव के तहत बहस कराना चाहते हैं, जिसमें मत विभाजन होता है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493