हांगकांग, 24 नवंबर (आईएएनएस)। भारत की अग्रणी बैडमिंटन खिलाड़ी पी. वी. सिंधु ने गुरुवार को हांगकांग ओपन के क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया।
ओलम्पिक रजत पदक विजेता सिंधु ने महिला एकल वर्ग के दूसरे दौर के मुकाबले में चीनी ताइपे की सू या चिंग को सीधे गेमों में 21-10, 21-14 से मात दी।
बीते सप्ताह चीन ओपन जीतकर करियर का पहली सुपरसीरीज प्रीमियर खिताब अपने नाम करने वाली सिंधु रियो ओलम्पिक से ही शानदार फॉर्म में चल रही हैं और गुरुवार को भी उन्होंने लय कायम रखते हुए अपनी प्रतिद्वंद्वी को एकतरफा मुकाबले में मात दी।
चिंग ने पहले गेम की शुरुआत तो आक्रामक की, लेकिन सिंधु की आक्रामकता के आगे जल्द ही वह बैकफुट पर नजर आने लगीं। पहले गेम में 1-4 से पिछे चल रहीं सिंधु ने शुरुआत तो धीमी की, लेकिन यहां से उन्होंने लय पकड़ी और जल्द ही वह 9-5 की बढ़त ले चुकी थीं।
यहां से सिंधु ने अपनी प्रतिद्वंद्वी पर लगातार दबाव बनाए रखा और शानदार अंदाज में पहला गेम अपने नाम किया।
दूसरे गेम में सिंधु ने शुरू से दबदबा बना लिया और पूरे गेम के दौरान चिंग को एकबार भी आगे निकलने का मौका नहीं दिया। चिंग ने हालांकि आसानी से हथियार नहीं डाले और एक समय 12-12 से बराबरी भी हासिल कर ली, लेकिन सिंधु ने आखिरी के पांच अंक लगातार जीतते हुए मैच पर कब्जा जमाया।
सिंधु अब क्वार्टर फाइनल में सिंगापुर की शियायू लियांग से भिड़ेंगी।
dharmpath.com dharmpath