लोकसभा में गतिरोध जारी, कार्यवाही दिनभर के लिए स्थगित (लीड-2)

नई दिल्ली, 24 नवंबर (आईएएनएस)। संसद के निचले सदन लोकसभा में गुरुवार को नोटबंदी पर विपक्ष के हंगामे के बीच सदन की कार्यवाही दिनभर के लिए स्थगित कर दी गई। विपक्ष के साथ जारी गतिरोध को दूर करने का सरकार का प्रयास नाकाम रहा।

विपक्ष द्वारा स्थगन प्रस्ताव के तहत नोटबंदी पर चर्चा की मांग को लेकर किए गए हंगामे से प्रश्नकाल नहीं चल पाया और इसके बाद अध्यक्ष सुमित्रा महाजन ने सदन की कार्यवाही स्थगित कर दी।

सदन की कार्यवाही पूर्वाह्न् 11 बजे शुरू होने के बाद दोपहर तक के लिए स्थगित कर दी गई। इसके बाद दोपहर 12 बजे कार्यवाही शुरू होने पर भी जब हंगामा नहीं थमा तो कार्यवाही दिनभर के लिए स्थगित कर दी गई।

सदन की कार्यवाही दोबारा शुरू होने के बाद विपक्षी दलों के सदस्य सदन की अध्यक्ष के आसन के पास इकट्ठा हो गए और नोटबंदी के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी।

अध्यक्ष ने सांसदों से अपनी सीटों पर जाने की अपील की, लेकिन सदस्यों ने इसे अनसुना कर दिया।

इस बीच, प्रश्नकाल जारी रहने के दौरान समाजवादी पार्टी (सपा) के नेता अक्षय यादव ने कागज फाड़ दिए और अध्यक्ष के आसन की ओर कागज फेंके।

इसके बाद सदन की कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई।

जब सदन की कार्यवाही एक बार फिर शुरू हुई, तो अध्यक्ष ने समाजवादी पार्टी के नेता अक्षय यादव को उनके आचरण के लिए डांट लगाई।

महाजन ने कहा, “अक्षय यादव का यह आचरण सदन के नियमों व परंपराओं के तहत निर्धारित मानकों व शिष्टाचारों का घोर उल्लंघन है। सदस्यों की तरफ से यह आचरण बिल्कुल सही नहीं है और यह सदन की मर्यादा व प्रतिष्ठा के खिलाफ है।”

इस घटना पर गुस्सा जताते हुए अध्यक्ष ने यादव को भविष्य में इस तरह की गतिविधियों से बचने की चेतावनी दी।

उन्होंने कहा, “अक्षय यादव के आचरण पर घोर नाराजगी जताते हुए मैं उन्हें इस तरह की अमर्यादित गतिविधियों से बचने की चेतावनी देती हूं।”

इसके बाद सुमित्रा महाजन ने नोटबंदी पर चर्चा के लिए कार्यस्थगन प्रस्ताव को रद्द कर दिया, जिससे विपक्षी खेमे में भारी कोलाहल मच गया।

शोर-शराबे को देखते हुए महाजन ने सदन की कार्यवाही दिनभर के लिए स्थगित कर दी।

इससे पहले, सांसदों ने उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री रामनरेश यादव तथा कर्नाटक के मशहूर गायक-संगीतकार एम.बालामुरलीकृष्णा के निधन पर शोक जताया।

सदन में गतिरोध को खत्म करने का सरकार का प्रयास नाकाम रहा। विपक्षी दलों के नेता केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह के चैंबर में अनौपचारिक बैठक में हिस्सा लेने के लिए तैयार नहीं हुए।

लोकसभा में कांग्रेस के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि यदि प्रधामंत्री नरेंद्र मोदी या अध्यक्ष सुमित्रा महाजन कोई बैठक आहूत करती हैं, तो विपक्षी पार्टियां उसमें हिस्सा लेंगी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493