जगमीत बरार तृणमूल कांग्रेस की पंजाब इकाई के नए प्रमुख

नई दिल्ली, 24 नवंबर (आईएएनएस)। साल 2017 के पंजाब विधानसभा चुनावों से पहले तृणमूल कांग्रेस ने गुरुवार को पूर्व कांग्रेस नेता जगमीत सिंह बरार को अपनी राज्य इकाई का प्रमुख नियुक्त किया।

तृणमूल कांग्रेस के उपाध्यक्ष मुकुल राय ने कहा, “बरार कई सालों से पंजाब के लोगों के लिए लड़ाई लड़ रहे हैं। वह राज्य में भ्रष्टाचार और मादक पदार्थो के खिलाफ लड़ाई जारी रखेंगे।”

तृणमूल ने यह भी कहा कि पंजाब विधानसभा चुनावों के लिए उसकी आम आदमी पार्टी से गठबंधन की योजना है।

तृणमूल के सांसद सुल्तान अहमद ने कहा, “पंजाब चुनावों के लिए योजना को अंतिम रूप दिया जा रहा है। इस बारे में कुछ भी कहना जल्दबाजी होगी। लेकिन हमारे आप से घनिष्ठ संबंध होंगे। दोनों दल लोगों को शिरोमणि अकाली दल-भाजपा गंठबंधन की सरकार से छुटकारा दिलाना चाहते हैं।”

बरार को कांग्रेस से अप्रैल में निष्कासित कर दिया गया था। वह सांसद और कांग्रेस कार्यसमिति के सदस्य रह चुके हैं।

बरार ने साल 2014 में लोकसभा चुनावों में कांग्रेस की हार के बाद कहा था कि कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और पार्टी उपाध्यक्ष राहुल गांधी को अवकाश लेकर पार्टी के बुरे प्रदर्शन का विश्लेषण करना चाहिए।

बरार के आम आदमी पार्टी में शामिल होने चर्चा थी। उन्होंने कहा कि उनका तृणमूल में शामिल होने का फैसला आप की सलाह के बाद किया गया है।

बरार ने कहा, ” मेरा तृणमूल में शामिल होने का फैसला राष्ट्रीय विकल्प देने की एक बड़ी पहल का हिस्सा है और यह आम आदमी पार्टी से परामर्श के बाद किया गया है।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493