महिला गोल्फ : स्मृति ने पहले दिन हासिल की बढ़त

लखनऊ, 24 नवंबर (आईएएनएस)। अनुभवी गोल्फ खिलाड़ी स्मृति मेहरा ने हीरो वूमंस प्रो गोल्फ टूर के 16वें चरण के टूर्नामेंट के पहले दिन गुरुवार को 3 अंडर 67 का स्कोर करते हुए बढ़त ले ली।

श्वेता गलांडे और वाणी कपूर 69 का समान स्कोर करते हुए संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर हैं।

स्मृति ने शुरुआती दोनों होल पर बर्डी लगाते हुए शानदार शुरुआत की, लेकिन चौथे होल पर वह डबल बोगी लगा बैठीं और शुरुआती दोनों बर्डी व्यर्थ चली गई। स्मृति ने हालांकि मध्यांतर से ठीक पहले अच्छी वापसी की और आठवें तथा नौवें होल पर फिर से दो बर्डी हासिल किए।

स्मृति का प्रदर्शन मध्यांतर के बाद भी शानदार रहा। 10वें और 16वें होल पर बर्डी लगाते हुए उन्होंने अच्छी बढ़त ले ली, लेकिन 17वें होल पर वह फिर से एक शॉट चूक गईं।

मौजूदा सत्र में छह खिताब जीत चुकीं ऑर्डर ऑफ मेरिट-2015 विजेता वाणी कपूर ने वहीं बेहद संभलकर खेलना शुरू किया। बिफोर-9 तक वाणी ने नौवें होल पर एकमात्र बर्डी लगाते हुए 1 अंडर का स्कोर कर लिया था। 10वें होल पर बर्डी लगाते हुए वाणी ने मध्यांतर के बाद शुरुआत तो अच्छी की, लेकिन 12वें होल पर डबल बोगी लगाकर वह शुरुआती बढ़त खो बैठीं।

आखिरी के आठ होल में वाणी ने संभलकर एक और बर्डी हासिल करते हुए 1अंडर 69 का स्कोर किया और श्वेता के साथ संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर रहीं।

रियो ओलम्पिक में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुकीं और इसी महीने इंडियन ओपन खिताब जीतने वाली अदिती अशोक नहीं खेल रही हैं। 16वें चरण में कुल 11 खिलाड़ी हिस्सा ले रही हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493