नई दिल्ली, 26 नवंबर (आईएएनएस)। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) ने शनिवार को क्यूबा के क्रांतिकारी नेता और पूर्व राष्ट्रपति फिदेल कास्त्रो के निधन को कम्युनिस्ट आंदोलन की एक अपूरणीय क्षति बताया और कहा कि उनका जीवन पूरी दुनिया के लिए प्रेरणा है।
भाकपा नेता डी. राजा ने आईएएनएस से कहा, “फिदेल का निधन केवल क्यूबा के लिए ही क्षति नहीं है, बल्कि यह पूरी दुनिया और कम्युनिस्ट आंदोलन की क्षति है।”
राजा ने कहा, “उनकी पूरी जिंदगी दुनिया के लिए प्रेरणा और ज्ञान का स्रोत है।”
राज्यसभा सदस्य ने कहा, “वह एक महान शख्सियत, एक महान मार्क्सवादी, एक विचारक और क्रांतिकारी योद्घा थे।”
भाकपा सचिव ने कहा, “उन्होंने क्यूबा की क्रांति का नेतृत्व किया, उन्होंने पश्चिमी गोलार्ध में पहले समाजवादी देश की स्थापना में ऐतिहासिक भूमिका निभाई। और अमेरिका के सभी भयावह अभियानों के बावजूद वह क्यूबा के लोगों को अमेरिका के साम्राज्यवाद के खिलाफ एकजुट करने में सफल हुए।”
राजा ने साथ ही कहा कि कास्त्रो ने गुट निरपेक्ष आंदोलन (नाम) में एक उल्लेखनीय भूमिका निभाकर और भारत समेत दुनिया के सभी देशों के साथ एक विशेष रिश्ता कायम कर दुनिया के इतिहास को बदलने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
फिदेल कास्त्रो के 90 वर्ष की उम्र में शुक्रवार को निधन के साथ ही क्यूबा और लैटिन अमेरिका के एक युग का अंत हो गया।
dharmpath.com dharmpath