लखनऊ, 30 नवंबर (आईएएनएस)। पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी होने के साथ ही मैदानी इलाकों में भी इसका असर अब दिखने लगा है। राजधानी लखनऊ व आसपास के इलाकों में सुबह से ही कोहरा छाया हुआ है और तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग ने दिसम्बर के पहले सप्ताह से कोहरे का असर बढ़ने और तापमान में गिरावट का अनुमान जताया है।
उप्र मौसम विभाग के निदेशक जे. पी. गुप्ता के अनुसार, बुधवार सुबह कोहरे का असर दिखा। दिन में हल्की धूप रहेगी और मौसम पूरी तरह से साफ रहेगा। न्यूनतम तापमान में दो डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई, जबकि अधिकतम तापमान में भी एक डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार, बुधवार को लखनऊ का न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किए जाने का अनुमान है।
लखनऊ के अतिरिक्त बुधवार को बनारस का न्यूनतम तापमान 19 डिग्री, कानपुर का 19.1 डिग्री, गोरखपुर का 18 डिग्री, झांसी का 20 डिग्री और इलाहाबाद का 20.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
dharmpath.com dharmpath