उप्र में कोहरे का असर, तापमान गिरा

लखनऊ, 2 दिसम्बर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश में राजधानी लखनऊ व आसपास के इलाकों में शुक्रवार सुबह से ही कोहरा छाया हुआ है। कोहरे की वजह से सड़क और रेल यातायात पर इसका असर पड़ा है। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में कोहरे का असर बढ़ने तथा तापमान में गिरावट आने की उम्मीद जताई है।

उप्र मौसम विभाग के निदेशक जे. पी. गुप्ता के अनुसार, शुक्रवार सुबह कोहरे का असर रहा, जबकि अगले कुछ दिनों में इसका असर और तेज होने की उम्मीद है। दिन में हालांकि हल्की धूप रहेगी और मौसम पूरी तरह से साफ रहेगा।

उन्होंने बताया कि न्यूनतम तापमान में एक डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई, जबकि अधिकतम तापमान में भी दो डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आने की संभावना है।

मौसम विभाग के अनुसार, शुक्रवार को लखनऊ का न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किए जाने का अनुमान है।

लखनऊ के अतिरिक्त बनारस का न्यूनतम तापमान 18.2 डिग्री, कानपुर का 19 डिग्री, गोरखपुर का 20 डिग्री, झांसी का 20.2 डिग्री और इलाहाबाद का 19.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493