नई दिल्ली, 6 दिसम्बर (आईएएनएस)। संसद के ऊपरी सदन राज्यसभा में मंगलवार को तमिलनाडु की दिवंगत मुख्यमंत्री जे. जयललिता को श्रद्धांजलि दी गई, और इसके बाद सदन की कार्यवाही दिन भर के लिए स्थगित कर दी गई।
जयललिता का सोमवार रात चेन्नई में निधन हो गया।
सदन की कार्यवाही शुरू होते ही सभापति हामिद अंसारी ने जयललिता के लिए शोक संदेश पढ़ा।
अंसारी ने जयललिता को एक ऐसी “कुशल और सफल कलाकार” बताया, जिन्होंने फिल्म उद्योग में भरपूर योगदान दिया।
सभापति ने कहा कि एआईएडीएमके नेता “करिश्माई व्यक्तित्व वाली दिग्गज जनप्रतिनिधि थीं और उनके काम को लंबे समय तक याद रखा जाएगा।”
अंसारी ने कहा, “उनके निधन के साथ ही देश ने एक दिग्गज नेता, एक और एक योग्य प्रशासक खो दिया है।”
सभापति ने जयललिता के निधन को भारत के लिए अपूरणीय क्षति बताया।
सदन में दो मिनट का मौन रखा गया, जिसके बाद सदन की कार्यवाही दिनभर के लिए स्थगित कर दी गई।
जयललिता दो महीने से भी ज्यादा समय से चेन्नई के एक अस्पताल में भर्ती थीं। रविवार शाम उन्हें दिल का दौरा पड़ा था, जिसके बाद सोमवार रात 11.30 बजे उनका निधन हो गया।
dharmpath.com dharmpath