लखनऊ, 8 दिसम्बर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश में राजधानी लखनऊ व आसपास के जिलों में ठंड अचानक बढ़ गई है और कोहरे की वजह से तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले सप्ताह से ठंड में और इजाफा होगा।
उत्तर प्रदेश मौसम विभाग के निदेशक जे. पी. गुप्ता ने बताया कि दिन में ठिठुरन और बढ़ेगी तथा अधिकतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। पहाड़ी इलाकों में हो रही बर्फबारी की वजह से मैदानी इलाकों में ठंड बढ़ी है। अगले सप्ताह तक ठंड व कोहरे में और इजाफा होने की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार, गुरुवार को लखनऊ का न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अधिकतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।
बनारस का गुरुवार को न्यूनतम तापमान 9.3 डिग्री, कानपुर का 11 डिग्री, गोरखपुर का 10.2 डिग्री और झांसी का 12 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
dharmpath.com dharmpath