पटना, 10 दिसम्बर (आईएएनएस)। बिहार में राजधानी पटना के कोतवाली थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात अपराधियों ने ऑटोमेटिक टेलर मशीन (एटीएम) में तैनात एक सुरक्षा गार्ड की हत्या कर दी और नकदी लूट कर फरार हो गए।
पुलिस के अनुसार, कुछ अपराधियों ने मौर्या कम्पलेक्स स्थित सेन्ट्रल बैंक ऑफ इंडिया के एटीएम में तैनात गार्ड कुंदन (48) की गला रेतकर हत्या कर दी। इसके बाद अपराधियों ने एटीएम को तोड़कर रुपये लूट लिए।
पुलिस के एक अधिकारी ने शनिवार को बताया कि लूटी गई रकम के संबंध में तत्काल पता नहीं चल सका है। मृतक सुरक्षा गार्ड कुंदन राजधानी पटना के बुद्घा कॉलोनी थाना क्षेत्र का रहने वाला था। पुलिस मौके पर पहुंच कर छानबीन कर रही है।
उधर, घटना से आक्रोशित लोगों ने घटनास्थल के समीप अपराधियों की गिरफ्तारी और मृतक के परिजनों को नौकरी देने की मांग को लेकर सड़क जामकर प्रदर्शन किया। बाद में पुलिस अधिकारियों के आश्वासन के बाद लोगों ने जाम हटा दिया।
dharmpath.com dharmpath