मुंबई, 11 दिसम्बर (आईएएनएस)। अस्पताल में भर्ती दिग्गज अभिनेता दिलीप कुमार के स्वास्थ्य में तेजी से सुधार हो रहा है। उम्मीद की जा रही है कि वह रविवार को अपना 94वां जन्मदिन अपने घर में मना सकते हैं। उन्हें पिछले दिनों अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
दिग्गज अभिनेता के स्वास्थ्य में तेजी से सुधार हो रहा है। सायरा बानो खुद उनकी देखभाल में जुटी हैं।
सायरा बानो ने कहा, “वह आराम कर रहे हैं। हमें आपकी दुआओं की जरूरत है। कृपया आप सब उनके लिए प्रार्थना करें।”
इस बीच, अभिनेता शत्रुघ्न सिन्हा और अभिनेता धर्मेद्र, जिनका जन्मदिन 11 दिसंबर को दिलीप कुमार के जन्मदिन के आसपास ही आता है, ने दिग्गज अभिनेता के जल्द ठीक होने की कामना की है।
शत्रुघ्न का जन्मदिन दिलीप कुमार के जन्मदिन से दो दिन पहले होता है। उन्होंने कहा, “दिलीप कुमार, हम सबके प्यारे से यूसुफ साहब, देश के सर्वाधिक प्रतिभावान कलाकार लीलावती अस्पताल में तेजी से ठीक हो रहे हैं। वह राष्ट्र की धरोहर हैं।”
अभिनेता धर्मेद्र, जिनका जन्मदिन दिलीप कुमार से तीन दिन पहले आता है, ने कहा, “मैं दिलीप साहब की वजह से अभिनेता बना। हम उन्हें देख कर उनके जैसा बनने की कोशिश करते थे। हम सब उनके जल्द ठीक होने की कामना करते हैं।”
धर्मेद्र और शत्रुघ्न, दिलीप कुमार के करीबी दोस्तों में से एक हैं। वे सोमवार को दिग्गज अभिनेता से मिलने जाने वाले हैं। उम्मीद है कि यह मुलाकात अस्पताल में नहीं, बल्कि उनके घर में होगी।
dharmpath.com dharmpath