जम्मू/श्रीनगर, 11 दिसम्बर (आईएएनएस)। जम्मू एवं कश्मीर में पांच महीने के शुष्क मौसम के बाद रविवार को घाटी के ऊपरी इलाकों में हल्की बर्फबारी हुई और मैदानी इलाकों में बारिश हुई।
मौसम विभाग के एक अधिकारी ने कहा, “मैदानी इलाकों में हल्की बारिश हुई है, जबकि (शनिवार) रात को पहाड़ी इलाकों में हल्की बर्फबारी हुई।”
अधिकारी के मुताबिक, “रविवार सुबह गुलमर्ग में 1.4 मिलीमीटर बर्फबारी दर्ज की गई।”
मौसम विभाग के अनुसार, “रातभर बादल छाए रहने के कारण घाटी में न्यूनतम तापमान में काफी सुधार हुआ है।”
अधिकारी ने बताया कि शनिवार को जहां शून्य से 4.5 डिग्री सेल्सियस कम न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया था, वहीं रविवार को श्रीनगर का न्यूनतम तापमान 0.5 डिग्री सेल्सियस रहा, जिससे यहां के लोगों को रात की कंपकंपाती ठंड से काफी राहत मिली।
मौसम विभाग के अनुसार, “इसी प्रकार घाटी के अन्य इलाकों में रात के तापमान में सुधार हुआ। पहलगाम का न्यूनतम तापमान 2.6 डिग्री सेल्सियस और गुलमर्ग का तापमान शून्य से दो डिग्री कम दर्ज किया गया।”
लद्दाख क्षेत्र में स्थित लेह के न्यूनतम तापमान में भी काफी सुधार हुआ। शनिवार को यहां का न्यूनतम तापमान शून्य से 11.9 डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया था, जो रविवार को 1.3 डिग्री सेल्सियस रहा।
अधिकारी ने बताया, “जम्मू का न्यूनतम तापमान 12.5 डिग्री सेल्सियस, कटरा का 13.4 डिग्री, बटोट का 6.9 डिग्री, बनिहाल का 5.7 डिग्री और भदरवाह का न्यूनतम तापमान 5.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।”
अधिकारी के मुताबिक, जम्मू एवं कश्मीर में अगले 24 घंटे में मौसम शुष्क रहने की संभावना है।
dharmpath.com dharmpath