पटना, 12 दिसंबर (आईएएनएस)। बिहार में राजधानी पटना तथा आसपास के क्षेत्रों में सोमवार को कोहरा छाया हुआ है और ठंडी हवा ने ठिठुरन बढ़ा दी है। पटना में लगातार चौथे दिन सोमवार को भी धूप नहीं निकली।
राज्य के सुपौल का पारा लुढ़ककर आठ डिग्री सेल्सियस के नीचे पहुंच गया है। मौसम विभाग ने आने वाले एक-दो दिनों में तापमान में और गिरावट के आसार जताए हैं।
मौसम विभाग ने अपने पूवार्नुमान में कहा है, “आने वाले 24 घंटे के दौरान दिन में कोहरे का असर रहेगा तथा न्यूनतम तापमान में गिरावट आएगी। अधिकतम और न्यूनतम तापमान मंे काफी कम अंतर होने के कारण लोग दिनभर ठंड महसूस कर रहे हैं।”
पटना मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, “पटना में सोमवार का न्यूनतम तापमान 12 डिग्री, भागलपुर का 10.5 डिग्री, गया का 10.2 डिग्री तथा पूर्णिया का 10.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। सोमवार को राज्य में सुपौल सबसे ठंडा रहा, जहां का न्यूनतम तापमान 7.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।”
पटना का सोमवार का अधिकतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने के आसार हैं।
एक दिन पहले, रविवार को पटना का अधिकतम तापमान 14 डिग्री, गया का 22 डिग्री, भागलपुर का 19 डिग्री और पूर्णिया का 19.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।
dharmpath.com dharmpath