तूफान ‘वरदा’ जल्द देगा दस्तक, बचाव कार्य शुरू (लीड-1)

चेन्नई, 12 दिसम्बर (आईएएनएस)। तूफान ‘वरदा’ चेन्नई में दस्तक देने के लिए तैयार है जिसके मद्देनजर उत्तरी तमिलनाडु में तेज हवाएं चल रही हैं और मूसलाधार बारिश हो रही है। निचले क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को सकुशल बाहर निकाला जा रहा है।

अधिकारियों के मुताबिक, चेन्नई, कांचीपुरम, तिरुवल्लुर और विलुपुरम इन चार जिलों से 4,600 से अधिक लोगों को राहत शिविरों में स्थानांतरित किया गया है।

सरकार ने राहत कार्यो के लिए नौकाएं तैयार की हैं। तूफान वरदा सोमवार दोपहर तक दस्तक दे सकता है।

इससे पहले शहर में तेज हवाएं चल रही हैं, पेड़ गिर रहे हैं। कई पेड़ सड़कों पर गिर गए हैं जिससे यातायात बाधित हो गया है।

उपनगरीय क्षेत्रों में रेल सेवाएं रद्द कर दी गई हैं और कुछ लंबी दूरी की रेलगाड़ियों का मार्ग परिवर्तित कर दिया गया है।

चेन्नई हवाईअड्डे के निदेशक दीपक शास्त्री ने आईएएनएस को बताया, “हवा की रफ्तार 50 नॉट है जो उड़ान सेवाओं के लिए अनुकूल नहीं है। 21 उड़ान सेवाओं को मार्ग परिवर्तित किया गया है, नौ उड़ान सेवाएं देरी से चल रही हैं और पांच को रद्द कर दिया गया है।”

शास्त्री ने बताया कि हालांकि, हवाईअड्डे को बंद नहीं किया गया है।

मौसम विभाग ने अगले 36 घंटे यानी बुधवार तक दक्षिण तटीय आंध्र प्रदेश, उत्तर तटीय तमिलनाडु और पुडुच्चेरी में बारिश का अनुमान जताया है।

कुछ स्थानों पर बारिश भारी से और भारी (सात से 19 सेंटीमीटर) हो सकती है और तमिलनाडु के चेन्नई, तिरुवल्लुर और कांचीपुरम जिलों एवं आंध्र प्रदेश के नेल्लोर और प्रकाशम जिलों में भारी बारिश (लगभग 20 सेंटीमीटर) हो सकती है।

तमिलनाडु सरकार ने तूफान से होने वाली स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक एवं एहतियातन कदम उठा लिए हैं।

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री ओ.पन्नीरसेल्वम ने रविवार को मंत्रियों और अधिकारियों के साथ मिलकर स्थिति की समीक्षा की।

जिला प्रशासन और सभी अधिकारियों को हाई अलर्ट कर दिया गया है।

सेना, नौसेना,वायुसेना और तटरक्षक बलों को आवश्यक मदद के लिए तैयार रखा गया है।

सरकार ने चेन्नई, कांचीपुरम, तिरुवल्लुर जिलों में सभी सरकारी, सरकारी सहायता प्राप्त निजी स्कूलों, कॉलेजों और अन्य शैक्षणिक संस्तानों में अवकाश घोषित कर दिया है।

तमिलनाडु सरकार ने निजी संगठनों को भी उनके कामगारों को अवकाश देने या घर से काम करने की सलाह दी है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493