शिवराज को पीटसबर्ग इंटरनेशनल इकॉनामिक फोरम में भाग लेने का न्योता (फोटो सहित)

भोपाल, 14 दिसंबर (आईएएनएस)। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से बुधवार को यहां काउंसलेट जनरल ऑफ रशियन फेडरेशन एंड्री ने मुलाकात की और मध्यप्रदेश के साथ व्यापारिक संबंधों को मजबूत करने की दिशा में चर्चा की। उन्होंने चौहान को पीटसबर्ग इंटरनेशनल इकॉनामिक फोरम में हिस्सा लेने का न्योता दिया।

आधिकारिक बयान के मुताबिक, एंड्री ने मुख्यमंत्री को अगले साल जून के पहले सप्ताह में आयोजित पीटसबर्ग इंटरनेशनल इकॉनामिक फोरम में भाग लेने के लिए आमंत्रित किया। इस मौके पर शिवराज ने कहा कि रूस भारत का स्वाभाविक मित्र है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत और रूस के बीच राजनैतिक संबंधों के अलावा सांस्कृतिक संबंध भी मजबूत हुए हैं। सांस्कृतिक संबंधों की विरासत को मजबूत करने में मध्यप्रदेश हर संभव योगदान देगा।

मुख्यमंत्री ने निमंत्रण के लिए धन्यवाद देते हुए कहा कि व्यापारिक प्रतिनिधिमंडल सहित भागीदारी करने पर विचार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि रूस और मध्यप्रदेश के बीच व्यापार एवं वाणिज्य को बढ़ावा देने के लिए रोडमैप बनाया जाएगा।

इस मौके पर एंड्री ने कहा कि रूस मध्यप्रदेश के साथ व्यापारिक संबंध बढ़ाना चाहता है। इसके लिए खाद्य प्रसंस्करण, रक्षा उत्पादन, आटोमेशन, पर्यटन, कृषि मशीनरी उत्पादन, खाद निर्माण जैसे प्राथमिकता वाले क्षेत्रों का चुनाव किया गया है, जिनमें रूस और मध्यप्रदेश मिलकर व्यापारिक संबंधों को आगे बढ़ा सकते हैं।

एंड्री ने मध्यप्रदेश के शहरों और रूस के शहरों के बीच सिस्टर सिटी और सिस्टर स्टेट की अवधारणा की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि अब तक रशियन पर्यटक भारत के चयनित शहरों तक सीमित रहते थे, लेकिन मध्यप्रदेश ने पर्यटन के क्षेत्र में विशेष पहचान बनाई है।

इस अवसर पर मुख्य सचिव बी.पी. सिंह, उद्योग विभाग के प्रमुख सचिव मोहम्मद सुलेमान, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव एस़ के . मिश्रा एवं अधिकारी उपस्थित थे।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493