राजमार्ग किनारे शराब बेचने पर रोक का नीतीश ने किया स्वागत

मधेपुरा, 16 दिसंबर (आईएएनएस)। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सर्वोच्च न्यायालय द्वारा देशभर में राष्ट्रीय और राज्य राजमार्गो के दोनों ओर 500 मीटर के दायरे में शराब की बिक्री पर प्रतिबंध लगाए जाने के का स्वागत करते हुए कहा कि न्यायालय का यह आदेश बिहार में शराबबंदी के निर्णय को सही साबित करता है।

अपनी ‘निश्चय यात्रा’ के चौथे चरण में शुक्रवार को यहां ‘चेतना सभा’ को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा, “मैंने केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी जी को पहले भी राजमार्गो पर दुघर्टनाओं को नियंत्रित करने के लिए शराबबंदी का सुझाव दिया था और अब सर्वोच्च न्यायालय ने इस पर आदेश पारित किया है।”

उन्होंने कहा कि बिहार में पहले से ही शराबबंदी लागू है, जिससे सड़क हादसों में कमी आई है। न्यायालय के इस आदेश के बाद यह बात अब आगे बढ़ेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा, “शराबबंदी से खुशहाली बढ़ी है। शराब पीने वाले अब दूध पी रहे हैं। हालांकि इसमें पुलिस की जिम्मेवारी बढ़ गई है। शराब के कारोबारियों पर बराबर नजर रखनी होगी।”

उन्होंने सात निश्चय की चर्चा करते हुए कहा कि नए साल 2017 की शुरुआत से ही उनकी सरकार राज्य के सभी सरकारी कालेजों और विश्वविद्यालयों में वाई-फाई की सुविधा देगी। साथ ही उन्होंने सरकारी सुविधा के तौर मिलने वाली फ्री वाई-फाई और इंटरनेट का दुरुपयोग न करने की अपील की।

नीतीश ने इस दौरान राज्य में संचालित ‘कुशल युवा’ कार्यक्रम की चर्चा भी की।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493