एनआईए ने मसूद के खिलाफ आरोप-पत्र दाखिल किया (लीड-1)

नई दिल्ली, 19 दिसम्बर (आईएएनएस)। राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने पठानकोट आतंकवादी हमले के मामले में आतंकी संगठन जैश-ए मोहम्मद के सरगना मौलाना मसूद अजहर और तीन अन्य के खिलाफ सोमवार को आरोप-पत्र दाखिल किए।

एनआईए के एक आधिकारिक बयान के मुताबिक, आरोप-पत्र में मसूद के अलावा मुफ्ती अब्दुल रउफ असगर, शाहिद लतीफ तथा काशिफ जान के नाम शामिल हैं।

पंजाब के पंचकुला में एनआईए की विशेष अदालत में दाखिल किए गए आरोप-पत्र के अनुसार इंटरपोल ने अजहर, असगर और लतीफ के खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया है, जबकि काशिफ जान के खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी करने की प्रक्रिया जारी है।

आरोप-पत्र में चार हमलावरों नसीर हुसैन, हाफिज अबु बकर, उमर फारूक और अब्दुल कय्यूम के नाम भी शामिल हैं। ये सभी पाकिस्तानी हैं।

बयान के मुताबिक, “इन हमलावरों के खिलाफ अभियोजन बंद करने की सिफारिश की गई है क्योंकि ये सभी मरे चुके हैं।”

आरोप-पत्र में जेईएम प्रमुख और अन्य पर भारत में आतंकवादी हमले करने के लिए पाकिस्तान और पाकिस्तान के नियंत्रण वाले कश्मीर के हिस्से में आतंकवादी शिविर स्थापित करने का आरोप लगाया गया है।

बयान के मुताबिक, “प्रशिक्षण के दौरान इन आतंकवादियोंको कट्टरपंथी बनाने के लिए और उन्हें जिहाद के लिए तैयार करने के लिए व्यापक प्रेरक, शारीरिक, सैन्य और सामरिक प्रशिक्षण दिया गया था।”

पठानकोट स्थित वायु सेना के अड्डे पर दो जनवरी को चार आतंकवादियों ने हमला कर दिया था, जिसमें सात जवान शहीद हो गए थे।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493