फड़णवीस, 3 अन्य को एसआईईएस-कांची शंकराचार्य पुरस्कार

मुंबई, 19 दिसंबर (आईएएनएस)। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़णवीस और भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संस्थान (इसरो) के अध्यक्ष ए.एस. किरण कुमार और दो अन्य लोगों को रविवार की रात एक समारोह में प्रतिष्ठित ‘एसआईईएस-कांची शंकराचार्य’ पुरस्कार से सम्मानित किया गया।

उन्हें क्रमश: सार्वजनिक नेतृत्व और विज्ञान और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में योगदान की खातिर इन पुरस्कारों के लिए चुना गया है।

उनके अलावा अमेरिका के तमिल, संस्कृत और तेलुगू बुद्धिजीवी और संगीतकार जॉन रलस्टोन मार और तमिलनाडु की हरिकथा व्याख्याता कमला मूर्ति को ये पुरस्कार दिया गया है।

एसआईईएस-श्री चंद्रशेखरेंद्र सरस्वती नेशनल अवॉर्ड में हर विजेता को ढाई लाख का नकद पुरस्कार, एक प्रशस्ति पत्र, एक शॉल और एक सजावटी दीपक दिया जाता है।

फड़णवीस ने पुरस्कार ग्रहण करते हुए कहा कि यह पुरस्कार उन्हें समाज के लिए निरंतर अच्छा काम करने को प्रेरित करेगा।

उन्होंने आयोजनकर्ताओं को पुरस्कार की राशि मुख्यमंत्री राहत कोष में दान करने का आग्रह किया और साथ ही कहा कि हाल ही में की गई नोटबंदी से संबंधित परेशानी क्षणिक है।

उन्होंने कहा, “हम एक भ्रष्टाचार मुक्त राज्य बनाना चाहते हैं। इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए नागरिकों का साथ जरूरी है।”

फड़णवीस ने कहा कि उनकी पुरस्कार राशि जल संरक्षण परियोजनाओं को लागू करने की दिशा में इस्तेमाल की जाएगी। उन्होंने साथ ही कहा कि उनके सत्ता में आने के बाद से महाराष्ट्र शिक्षा के क्षेत्र में तीसरे नंबर पर पहुंच गया है।

यह पुरस्कार कांची के दिवंगत शंकराचार्य चंद्रशेखरेंद्र सरस्वती की याद में 1998 में शुरू किया गया था।

एसआईईएस अध्यक्ष वी. शंकर ने गणमान्य लोगों की मौजूदगी में ये पुरस्कार प्रदान किए।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493