कर्नाटक रणजी टीम से बाहर हुए उथप्पा

बेंगलुरू, 20 दिसम्बर (आईएएनएस)। रॉबिन उथप्पा तमिलनाडु के खिलाफ रणजी ट्रॉफी क्वार्टर फाइनल के लिए कर्नाटक की 16 सदस्यीय टीम में जगह नहीं बना पाए हैं। खराब फॉर्म से जूझ रहे उथप्पा को चयनकर्ताओं ने टीम से बाहर रखने का फैसला लिया है।

दोनों टीमों के बीच क्वार्टर फाइनल मैच 23 दिसंबर को विशाखापट्नम में शुरू होगा।

इंग्लैंड के खिलाफ खेले जा रहे पांचवें टेस्ट मैच में भारतीय टीम का हिस्सा लोकेश राहुल और करुण नायर के साथ मनीष पांडे को टीम में शामिल किया गया है। यह तीनों सीधे विशाखापट्नम में टीम के साथ जुड़ेंगे।

कर्नाटक राज्य क्रिकेट संघ (केएससीए) की चयन समिति के अध्यक्ष आर. सुधाकर राव ने कहा, “तीन बल्लेबाजों की वापसी के बाद टीम का चयन करना काफी मुश्किल था। हमने रॉबिन को आराम देने का फैसला किया है क्योंकि हम उन्हें अंतिम एकादश में शामिल नहीं कर सकते।”

उन्होंने कहा, “नए खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया है और उनको बाहर करना सही नहीं होगा। हमने यह फैसला कर्नाटक के भविष्य को देखकर लिया है।”

उल्लेखनीय है कि राहुल ने इंग्लैंड के खिलाफ जारी टेस्ट मैच में 199 और करुण नायर ने नाबाद 303 रनों की पारी खेली है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493