यमुना की स्वच्छता के लिए अलग संस्था बने : दिल्ली सरकार

नई दिल्ली, 20 दिसम्बर (आईएएनएस)। दिल्ली सरकार ने यमुना नदी की साफ-सफाई के लिए केंद्र सरकार से अलग से एक संस्था गठित करने की मांग की है।

दिल्ली के नगर विकास मंत्री सत्येंद्र जैन ने कहा कि केंद्र सरकार को इस कार्य के लिए अलग से एक संस्था का गठन करना होगा, जिसमें सभी एजेंसियों का प्रतिनिधित्व हो।

राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआई) योजना बोर्ड की मंगलवार को हुई बैठक के दौरान इसकी सिफारिश की गई।

सत्येंद्र जैन ने कहा कि यमुना नदी को स्वच्छ बनाने में दिल्ली विकास प्राधिकरण और दिल्ली जल बोर्ड जैसी केंद्र और दिल्ली सरकार की विभिन्न एजेंसियों को अहम भूमिका निभानी होगी।

इन एजेंसियों के बीच जब भी समन्वय की कमी होती है तो यमुना नदी की सफाई का काम रुक जाता है।

उन्होंने कहा कि दिल्ली मेट्रो रेल निगम (डीएमआरसी) का गठन इसीलिए किया गया था, ताकि विभिन्न एजेंसियां एकदूसरे के साथ समन्वयपूर्वक काम कर सकें।

सत्येंद्र जैन ने कहा, “यमुना को प्रदूषण मुक्त करने के लिए सभी भागीदारों को एकजुट होना होगा और साथ मिलकर काम करना होगा। बैठक के दौरान मैंने सुझाव दिया कि यमुना की सफाई और नदी के किनारे घाट विकसित करने के लिए एक समन्वयकारी संस्था गठित करनी होगी।”

केंद्रीय नगर विकास मंत्री एम. वेंकैया नायडू की अध्यक्षता में एनसीआर योजना बोर्ड की यह बैठक हुई।

सत्येंद्र जैन ने बताया कि नायडू ने इस सिफारिश पर विचार करने का वादा किया है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493