भुवनेश्वर बंद के दौरान भाजपा-बीजद कार्यकर्ता भिड़े

भुवनेश्वर, 21 दिसम्बर (आईएएनएस)। महापौर अनंत नारायण जेना के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) द्वारा आहूत 12 घंटे के भुवनेश्वर बंद के दौरान भाजपा और बीजू जनता दल (बीजद) कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए।

भाजपा ने जेना के खिलाफ हत्या और एक सेक्स वीडियो में कथित तौर पर शामिल होने को लेकर कार्रवाई की मांग की है।

बंद के कारण ओडिशा में सामान्य जनजीवन प्रभावित हुआ। भाजपा कार्यकर्ताओं ने सड़कों को अवरुद्ध कर दिया, जिसके कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

सूत्रों ने बताया कि भाजपा कार्यकर्ता जब भुवनेश्वर में सड़कें अवरुद्ध कर रहे थे, तब बीजद छात्रसंघ के सदस्यों ने बंद का विरोध करते हुए वाणी विहार से मास्टर कैंटीन स्क्वायर तक एक बाइक रैली निकाली।

भाजपा महासचिव पृथ्वीराज हरिचंद्रन ने कहा, “हम पूरे भुवनेश्वर में शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन कर रहे थे। लेकिन पुलिस ने हमारे प्रदर्शन को असफल करने के लिए बीजद को वैसी ही एक रैली निकालने की अनुमति दे दी। यह मुख्यमंत्री नवीन पटनायक के इशारे पर किया गया।”

कुछ ही देर में पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में ही दोनों पार्टियों के कार्यकर्ताओं के बीच झड़प शुरू हो गई।

बीजद के एक छात्र नेता चिन्मय साहू ने कहा, “हम बंद का विरोध करते हैं और लोगों से अपनी दुकानें खोलने की अपील करते हैं।”

घटना के बाद पुलिस ने कई भाजपा नेताओं को हिरासत में ले लिया।

भुवनेश्वर के पुलिस उपायुक्त सत्यव्रत भोई ने कहा कि किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493