ओडिशा : जापानी इंसेफेलाइटिस पीड़ित परिवारों को 3-3 लाख रुपये

भुवनेश्वर, 24 दिसम्बर (आईएएनएस)। ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने मलकानगिरी जिले में जापानी इंसेफेलाइटिस से मरने वाले हर बच्चे के परिवार को तीन लाख रुपये की अनुग्रह राशि तथा एक पक्का मकान देने की शनिवार को घोषणा की।

मुख्यमंत्री ने कहा, “मलकानगिरी जिले में बच्चों की मौत से मैं बेहद चिंतित हूं। मैं शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं। मैंने प्रत्येक परिवार के लिए तीन लाख रुपये की अनुग्रह राशि की घोषणा की है। इसके अलावा, उन परिवारों को पक्का मकान भी आवंटित किया जाएगा।”

पटनायक ने जिला अधिकारियों, स्थानीय सांसदों व विधायकों के साथ जापानी इंसेफेलाइटिस को लेकर एक समीक्षा बैठक भी की।

उल्लेखनीय है कि जिले में जापानी इंसेफेलाइटिस तथा एक्यूट इंसेफेलाइटिस सिंड्रोम के कारण 100 से अधिक बच्चों की मौत हो चुकी है।

उन्होंने कहा, “जापानी इंसेफेलाइटिस की रोकथाम के लिए सभी उपाय अपनाए गए हैं। 96 फीसदी बच्चों का पहले ही टीकाकरण किया जा चुका है और बाकी चार फीसदी बच्चों का टीकाकरण तीन से चार दिनों में किया जाएगा।”

मुख्यमंत्री ने कहा कि 42,000 मेडिकेटेड मच्छरदानियों की आपूर्ति पहले ही की जा चुकी है और लगभग एक लाख मच्छरदानी की आपूर्ति जल्द की जाएगी।

विपक्षी पार्टियों ने देर से कार्रवाई के लिए राज्य सरकार की आलोचना की है। उन्होंने कहा कि मलकानगिरी जिले में 100 बच्चों की मौत के बाद मुख्यमंत्री की नींद खुली।

मुख्यमंत्री के मलकानगिरी जिले के दौरे तथा स्वास्थ्य क्षेत्र की अनदेखी करने के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) तथा कांग्रेस ने शनिवार को जिले में बंद का आह्वान किया।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493