रांची महापौर ने मुख्यमंत्री का काफिला रोक कर पुलिस की शिकायत की

रांची, 27 दिसम्बर (आईएएनएस)। रांची की महापौर आशा लकड़ा ने मंगलवार को झारखंड के मुख्यमंत्री रघुवर दास के काफिले को रोककर यातायात पुलिस द्वारा ‘अभद्र भाषा’ के इस्तेमाल किए जाने की शिकायत की। उन्होंने मामले में मुख्यमंत्री से न्याय दिए जाने की मांग की।

महापौर एक स्थानीय कार्यक्रम में भाग लेने जा रही थीं। उनके वाहन को कथित तौर पर रातू गोल चक्कर के पास रोका गया।

आरोप है कि यातायात पुलिस ने कुछ ‘अभद्र भाषा’ का इस्तेमाल किया। इसके बाद लकड़ा ने उसी रास्ते से जा रहे मुख्यमंत्री रघुवर दास के काफिले को रोककर उनसे इस व्यवहार के लिए शिकायत की और न्याय किए जाने की मांग की।

मुख्यमंत्री ने लकड़ा को पुलिस कर्मी के खिलाफ कार्रवाई का भरोसा दिया।

झारखंड पुलिस का यह ‘असंवेदनशील चेहरा’ पहली बार उजागर नहीं हुआ है। इससे पहले भी इस तरह के मामले सामने आते रहे हैं।

कुछ महीने पहले, शहरी विकास मंत्री सी.पी. सिंह को एक ऐसे ही मामले में दखल देना पड़ा था, जिसमें यातायात पुलिस ने सिंह के आवास पर काम करने वाले व्यक्ति के लिए अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया था।

रांची के अनंतपुर की निवासी शिल्पी ने कहा, “रांची पुलिस वाहन और हेलमेट जांच के नाम पर असहनीय शब्दों का इस्तेमाल करती है। पुलिस यहां की यातायात व्यवस्था को सुधारने में नाकामयाब रही है।”

शिल्पी ने कहा, “वे (पुलिस) अभी तक 16 दिसंबर को सामूहिक दुष्कर्म के बाद जलाकर मार दी गई इंजीनियरिंग छात्रा के दोषियों को पकड़ नहीं पाए हैं। आम जनता उनके लिए आसान लक्ष्य है।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493