भोपाल, 28 दिसंबर (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता और मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री सुंदर लाल पटवा के निधन पर दुख व्यक्त करते हुए राज्य के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बुधवार को कहा कि पटवा ने राज्य की राजनीति को नई दिशा दी थी।
चौहान ने अपने शोक संदेश में कहा, “पटवा ने मध्य प्रदेश की राजनीति को नई दिशा दी थी। वह अजातशत्रु थे और राजनीतिक नेता के रूप में प्रदेश की जनता के दिलों पर राज करते थे।”
मुख्यमंत्री ने कहा, “पटवा का सभी दल सम्मान करते थे। उनके बिना मध्य प्रदेश की राजनीति की कल्पना नहीं की जा सकती थी। उनका देश के सार्वजनिक जीवन में विशिष्ट स्थान था। वह अद्भुत राजनेता थे। उनके जाने से देश और प्रदेश के सार्वजनिक जीवन में आई रिक्तता की भरपाई नहीं हो सकती।”
वाणिज्य-उद्योग, रोजगार, खनिज संसाधन तथा प्रवासी भारतीय मंत्री राजेंद्र शुक्ल ने पूर्व मुख्यमंत्री पटवा के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया और उनके निधन को अपूरणीय क्षति बताया।
राज्य के जनसंपर्क, जल संसाधन तथा संसदीय कार्य मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने पूर्व मुख्यमंत्री पटवा के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा, “पटवा के निधन से एक युग का अंत हो गया है। पटवा ने राजनीति को सेवा का माध्यम बनाया। उन्होंने जन-कल्याण, सुशासन और समाज के दीनहीन वर्ग की भलाई के लिए लगातार कार्य किया।”
पटवा का बुधवार सुबह एक निजी अस्पताल में निधन हो गया। उन्हें हृदयाघात के बाद भर्ती कराया गया था। वह राज्य के दो बार मुख्यमंत्री व पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार में केंद्रीय मंत्री रहे थे।
dharmpath.com dharmpath