मोदी नोटबंदी पर श्वेतपत्र जारी करें : राहुल (लीड-1)

नई दिल्ली, 28 दिसम्बर (आईएएनएस)। कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने नोटबंदी को लेकर बुधवार को एक बार फिर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा। उन्होंने नोटबंदी का सच सामने लाने के लिए प्रधानमंत्री से श्वेत पत्र जारी करने को कहा।

राहुल ने प्रधानमंत्री मोदी से आठ नवंबर को 500 और 1,000 रुपये के नोटों को अमान्य घोषित करने के बाद से अब तक बरामद की गई वास्तविक धनराशि का खुलासा करने की चुनौती दी।

उन्होंने कहा, “मोदीजी को स्पष्ट करना चाहिए कि आठ नवंबर के बाद से कितना कालाधन बरामद हुआ है?”

राहुल ने यहां कांग्रेस के स्थापना दिवस के मौके पर पार्टी मुख्यालय में संवाददाताओं से कहा, “मोदीजी ने देश के 50 परिवारों और एक प्रतिशत अत्यंत धनवान लोगों के लिए के लिए नोटबंदी ‘यज्ञ’ किया है।”

राहुल ने कहा, “कई लोगों को इसके कारण नुकसान झेलना पड़ा है। सरकार को इस नुकसान की भरपाई करनी चाहिए।”

उन्होंने मोदी को यह बताने को कहा कि ‘नोटबंदी के कारण देश को कितना आर्थिक नुकसान हुआ है।’

उन्होंने पूछा, “इस नीति की घोषणा के बाद से कितनी नौकरियां चली गई हैं? नोटबंदी के कारण कितने लोगों की जान चली गई? सरकार ने मृतकों के परिवारों को कोई मुआवजा क्यों नहीं दिया?”

राहुल ने प्रधानमंत्री को श्वेत पत्र में इन प्रश्नों का जवाब देने को कहा।

राहुल ने पूछा, “नोटबंदी लागू करने से पहले किससे विचार-विमर्श किया गया और क्या तैयारियां की गईं?”

उन्होंने पूछा, “इस कठोर नीति को लोगों पर थोपने से पहले विशेषज्ञों, अर्थशास्त्रियों या भारतीय रिजर्व बैंक से सलाह क्यों नहीं ली गई?”

उन्होंने पूछा, “क्या सरकार आठ नवंबर से पहले के छह महीनों में अपने बैंक खातों में 25 लाख रुपये या इससे ज्यादा जमा कराने वाले सभी व्यक्तियों, संगठनों और संस्थाओं के नामों का खुलासा करेगी?”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493