मुलायम ने अखिलेश को दिया कारण बताओ नोटिस

लखनऊ , 30 दिसंबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश में सत्तारूढ़ समाजवादी पार्टी (सपा) के भीतर टिकट बंटवारे को लेकर सियासी घमासान के बीच पार्टी के अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव ने शुक्रवार को अपने पुत्र और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए पूछा है कि आपने पार्टी का अनुशासन तोड़ा है। क्यों न आपके खिलाफ कार्रवाई की जाए।

मुलायम ने मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को संबोधित करते हुए अपने पत्र में लिखा है, “आपने विधानसभा चुनाव 2017 के लिए प्रत्याशियों की सूची जारी की है। जबकि आपसे पहले पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने प्रेस वार्ता के जरिये प्रत्याशियों की सूची जारी की थी। आपके द्वारा पार्टी अध्यक्ष के सामानांतर सूची जारी करना घोर अनुशासनहीनता है। अत: क्यों न आपके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाए।”

गौरतलब है कि मुलायम सिंह ने विधानसभा 2017 के लिए पहले 325 और फिर 68 प्रत्याशियों की सूची जारी की थी। इस सूची में अखिलेश के करीबियों का टिकट काट दिया गया था। इसके बाद अखिलेश ने भी बगावती सुर अपनाते हुए कल देर रात 235 प्रत्याशियों की सूची जारी कर दी थी।

पूर्व सपा सुप्रीमो मुलायम सिंह यादव ने 31 दिसंबर को सभी घोषित प्रत्याशियों की लखनऊ में बैठक बुलाई है।

सपा के प्रदेश अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव की ओर से एक बयान जारी कर इसकी जानकारी दी गई है। बयान में कहा गया है कि समाजवादी पार्टी के 2017 में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए घोषित प्रत्याशियों को 31 दिसंबर को पार्टी कार्यालय में होने वाली बैठक में शामिल होना है।

इधर, उप्र के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव अपने समर्थकों और नेताओं के साथ बैठक समाप्त कर मुख्यमंत्री आवास से जनता दर्शन के निकल गए। यहां अखिलेश प्रदेश भर से आए फरियादियों की शिकायतें सुनी। साथ ही अखिलेश ने टिकट के दावेदारों से भी बातचीत की।

गौरतलब है कि मुख्यमंत्री अखिलेश सुबह करीब 11 बजे 5, कालिदास मार्ग पहुंच गए थे। इसके बाद उन्होंने आवास के बाहर मौजूद समर्थकों और नेताओं को आवास के अंदर बुलवा लिया था। सूत्रों के मुताबिक, मुख्यमंत्री अखिलेश ने सभी समर्थकों और मंत्रियों से सियासी संकट पर बात की।

इधर, समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव और सपा प्रमुख मुलायम सिंह यादव के बीच चल रही मैराथन बैठक समाप्त हो चुकी है। करीब 1 घंटे तक चली बैठक में सपा प्रमुख और प्रदेश अध्यक्ष ने प्रत्याशी सूची में संशोधन पर चर्चा की। इसके साथ ही बैठक में सपा प्रमुख के करीबी भी मौजूद थे।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493