मुलायम ने 5 को बुलाया राष्ट्रीय अधिवेशन, रामगोपाल फिर निष्कासित

मुलायम ने साथ ही पत्र जारी कर आगामी पांच जनवरी को पार्टी का आपात राष्ट्रीय अधिवेशन बुलाया है। यही नहीं रविवार के अधिवेशन को बुलाने वाले प्रो. राम गोपाल को एक बार फिर से छह वर्ष के लिए पार्टी से बाहर कर दिया है। इस तरह निष्कासन के 18 घंटे बाद पार्टी में वापसी करने वाले रामगोपाल 24 घंटे के अंदर फिर पार्टी से बाहर कर दिए गए।

मुलायम सिंह ने रविवार को हुए अधिवेशन को असंवैधानिक करार देते हुए पत्र में कहा कि कि यह सम्मेलन राष्ट्रीय अध्यक्ष की अनुमति के बिना बुलाया गया है। इसमें पारित सभी प्रस्ताव और लिए गए निर्णय अवैध हैं। सपा के राष्ट्रीय अधिवेशन में मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष घोषित किए जाने सहित कई फैसले लिए जाने पर मुलायम ने हैरानी जताई है।

मुलायम ने जारी पत्र में कहा कि संसदीय बोर्ड इस आयोजन और इसमें पारित सभी प्रस्तावों और सम्मेलन की पूरी कार्यवाही को असंवैधानिक घोषित करते हुए निंदा करता है। साथ ही इसके कर्ताधर्ता प्रो. रामगोपाल यादव को पार्टी से छह वर्ष के लिए निष्कासित किए जाने की पुष्टि करता है।

पत्र में विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी मुखिया द्वारा पूर्व में घोषित प्रत्याशियों की सूची का अनुमोदन किया गया। साथ ही राष्ट्रीय अध्यक्ष को बाकी बची सीटों पर उम्मीदवारों के नामों की घोषणा के लिए अधिकृत किया। मुलायम की ओर से जारी पत्र में कहा गया कि कुछ लोग अपने कुकृत्यों को छिपाने, सीबीआई से बचने के लिए और भाजपा को लाभ पहुंचाने के लिए पार्टी को खड़ा करने वाले मुलायम सिंह का लगातार अपमान कर रहे हैं। उन्हीं लोगों ने आज इस तथाकथित सम्मेलन को बुलाने की साजिश की है।

इसके साथ ही ससंदीय बोर्ड ने लखनऊ के जनेश्वर मिश्र पार्क में ही आगामी पांच जनवरी को सपा का आपात राष्ट्रीय अधिवेशन बुलाया है। मुलायम ने अपने आवास 5, विक्रमादित्य मार्ग पर कहा, “समाजवादी पार्टी मेरी है, इसे मैंने बनाया है। यह मेरे लिए चैंकाने वाला है कि अखिलेश व रामगोपाल ने इतने बड़े फैसले किए।”

बता दें कि रविवार को जनेश्वर मिश्र पार्क में हुए राष्ट्रीय प्रतिनिधि सम्मेलन में मुख्यमंत्री अखिलेश को राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया गया। वहीं पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव को एक तरह से दरकिनार करते हुए पार्टी ‘मार्गदर्शक’ बनाया गया। यहीं नहीं शिवपाल सिंह यादव को तत्काल प्रभाव से सपा प्रदेश अध्यक्ष पद से बर्खास्त कर पार्टी महासचिव अमर सिंह को पार्टी से ही निकाल दिया गया।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493