पॉल ने खुद को निर्दोष बताया, घोटाले में बाबुल सुप्रियो का नाम लिया

भुवनेश्वर/कोलकाता, 1 जनवरी (आईएएनएस)। रोज वैली चिट फंड घोटाला मामले में गिरफ्तार तृणमूल कांग्रेस के सांसद तापस पॉल ने रविवार को कहा कि वक्त के साथ उनकी बेगुनाही साबित हो जाएगी। पॉल को केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने शुक्रवार को गिरफ्तार किया था।

भुवनेश्वर में अस्पताल में स्वास्थ्य जांच कराने के बाद सीबीआई की कार में बैठने के दौरान पॉल ने कहा, “मैं निर्दोष हूं। मैं बिल्कुल भी दोषी नहीं हूं। सब कुछ बाद में साबित हो जाएगा।”

पॉल ने सख्ती से इस बात का खंडन किया कि उन्होंने चिट फंड कंपनी से आर्थिक लाभ उठाया है।

उन्होंने कहा, “मैं अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को खारिज करता हूं। मैं इसी तथ्य को जानता हूं कि मैंने किसी से आर्थिक लाभ नहीं उठाया है।”

पॉल ने आरोप लगाया कि केंद्रीय मंत्री बाबुल सुप्रियो करोड़ों के रोज वैली चिट फंड घोटाले में शामिल हैं।

उन्होंने कहा, “बाबुल सुप्रियो ने मुझसे घोटाले के संबंध में छलकपट किया। वह इस घोटाले में शामिल हैं। कई करोड़ के इस चिटफंड घोटाले में अन्य मंत्री भी शामिल हैं।”

पॉल ने कहा कि उनकी पार्टी उनके साथ खड़ी है।

अभिनेता से नेता बने पॉल की पत्नी नंदिनी पॉल ने अपने पति की गिरफ्तारी को राजनीति प्रेरित बताया।

नंदिनी ने कहा, “उन्होंने कुछ भी गैरकानूनी नहीं किया है। उन्होंने रोज वैली द्वारा निर्मित एक फिल्म का निर्देशन किया था। इसके लिए उन्हें चेक से मासिक मेहनताना कर की कटौती के बाद मिलता था। उन्होंने इस मेहनताने के अलावा और कुछ नहीं लिया।”

पॉल को शुक्रवार को कोलकाता से गिरफ्तार किया गया। शुक्रवार देर शाम ट्रांजिट रिमांड पर उन्हें भुवनेश्वर लाया गया। यहां स्थित सीबीआई के विशेष मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी की अदालत ने उन्हें तीन दिन की सीबीआई हिरासत में सौंप दिया।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493