नई दिल्ली, 6 जनवरी (आईएएनएस)। युवा एवं खेल मामलों के मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) विजय गोयल ने विराट कोहली को भारत की एकदिवसीय और टी-20 टीम का कप्तान बनने पर ट्विटर के जरिए बधाई दी।
कोहली को शुक्रवार को एकदिवसीय और टी-20 टीम का कप्तान बनाए जाने की घोषणा की गई।
दिल्ली के 28 वर्षीय बल्लेबाज अब तक केवल टेस्ट टीम के कप्तान थे, लेकिन दिग्गज विकेटकीपर महेंद्र सिंह धौनी द्वारा बुधवार को एकदिवसीय और टी-20 टीम की कप्तानी से इस्तीफा देने के बाद कोहली को इसकी कमान सौंपी गई।
ट्विटर पर कोहली को बधाई देते हुए गोयल ने लिखा, “मैं कोहली को भारत की एकदिवसीय और टी-20 टीम का कप्तान बनाए जाने की बधाई देता हूं। पूरी टीम के लिए मेरी तरफ से शुभकामनाएं।”
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) की चयन समिति ने एम.एस.के. प्रसाद की अध्यक्षता में शुक्रवार को मुंबई में मुलाकात की और इंग्लैंड के खिलाफ खेली जाने वाली एकदिवसीय और टी-20 श्रृंखला के लिए टीम की घोषणा की।
एकदिवसीय और टी-20 टीमों में धौनी को विकेटकीपर के तौर पर शामिल किया गया है।
dharmpath.com dharmpath