मप्र में गरीब महिलाओं को मिलेगी बकरी और मुर्गी

भोपाल, 10 जनवरी (आईएएनएस)। मध्यप्रदेश में महिलाओं के लिए रोजगार मुहैया कराने के मकसद से पशुपालन विभाग द्वारा नई योजना शुरू की जा रही है। इसके तहत महिलाओं को छह माह के लिए बकरी और खास प्रजाति कड़कनाथ की एक दर्जन मुर्गी पालन के लिए दी जाएगी। इस योजना की शुरुआत बड़वानी जिले से होगी।

आधिकारिक तौर पर मंगलवार को जारी विज्ञप्ति के अनुसार, राज्य के पशुपालन मंत्री अंतर सिंह आर्य ने सोमवार को विभाग की राज्य स्तरीय समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने कहा कि प्रस्तावित योजना में गरीबी रेखा से नीचे के परिवार के सभी हितग्राही को शामिल किया जाएगा।

उन्होंने अफसरों को निर्देश दिए कि विभाग की नीतियों और योजनाओं की जानकारी निचले स्तर तक पहुंचे और इसका क्रियान्वयन बेहतर तरीके से हो, इसका हरसंभव प्रयास करे।

राज्य में गाय पालन को प्रोत्साहित करने के लिए गोकुल महोत्सव वर्ष में एक बार होता है, इसे अब वर्ष में दो बार आयोजित करने के निर्देश बैठक में दिए गए। पहला चरण दीपावली के बाद तथा दूसरा चरण होली के दूसरे दिन से शुरू किया जाएगा।

पशुपालन विभाग के प्रमुख सचिव अश्विनी रॉय ने प्रदेश के उन इलाकों में नए मिल्क-रूट बनाने के निर्देश दिए, जहां समितियां और दूध कारोबारी अभी पशुपालकों से दूध नहीं खरीद रहे हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493