भोपाल, 11 जनवरी (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश में बुधवार की सुबह कोहरा छाने और सर्द हवाओं के चलने से ठिठुरन बढ़ गई है। वहीं मौसम विभाग ने आगामी 24 घंटों में राज्य के कई हिस्सों में शीतलहर चलने की चेतावनी जारी की है।
पहाड़ों पर जारी बर्फबारी ने राज्य में ठंड बढ़ा दी है। बुधवार की सुबह ठिठुरन भरी रही, कोहरा छाने के साथ चली हवाओं ने सिहरन पैदा की। वहीं मौसम साफ होने की वजह से खिली धूप ने ठंड से राहत दिलाई।
मौसम विभाग के मुताबिक, सर्द हवाओं के चलने से राज्य के तापमान में गिरावट आई है। राज्य में सबसे ठंडा ग्वालियर रहा, जहां न्यूनतम तापमान 3.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं आगामी 24 घंटों में ग्वालियर, चंबल, रीवा व शहडोल संभागों में शीतलहर चलने की चेतावनी मौसम विभाग ने जारी की है।
राज्य में शीलतलहर के चलते ठिठुरन बढ़ी है। बुधवार को भाोपाल का न्यूनतम तापमान आठ डिग्री सेल्सियस, इंदौर का आठ डिग्री सेल्सियस, ग्वालियर का 3.5 डिग्री सेल्सियस और जबलपुर का न्यूनतम तापमान आठ डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
वहीं, मंगलवार को भोपाल का अधिकतम तापमान 20.3 डिग्री सेल्सियस, इंदौर का 20.4 डिग्री सेल्सियस, ग्वालियर का 21.3 और जबलपुर का अधिकतम तापमान 20.7 डिग्री सेल्सियस रहा।
dharmpath.com dharmpath