श्रीनगर ठिठुरा, पारा शून्य से 5 डिग्री नीचे

श्रीनगर, 12 जनवरी (आईएएनएस)। जम्मू एवं कश्मीर की गर्मियों की राजधानी श्रीनगर इन दिनों भीषण ठंड की चपेट में है। श्रीनगर में गुरुवार रात को जहां तापमान लुढ़ककर शून्य से पांच डिग्री नीचे पहुंच गया वहीं, लद्दाख के लेह क्षेत्र में तापमान शून्य से 17.7 डिग्री कम दर्ज किया गया।

मौसम विभाग के एक अधिकारी ने कहा, “शून्य से 17.7 डिग्री कम तापमान के साथ आज (गुरुवार) लेह में मौसम की सबसे ठंडी रात रही। वहीं, कारगिल में तापमान शून्य से 15.6 डिग्री कम रहा।”

अधिकारी ने कहा, “श्रीनगर में आज (गुरुवार) रात का न्यूनतम तापमान शून्य से पांच डिग्री कम रहा, जबकि पहलगाम और गुलमर्ग में क्रमश: शून्य से 13 डिग्री कम और शून्य से 13.5 डिग्री कम दर्ज किया गया।”

जम्मू में न्यूनतम तापमान 3.6 डिग्री, कटरा में 3.0 डिग्री, बटोटे में शून्य से 1.0 डिग्री कम, बनिहाल में शून्य से 2.5 डिग्री कम और भदरवाह में शून्य से 5.6 डिग्री कम दर्ज किया गया।

मौसम विभाग ने पूर्वानुमान में कहा है कि शुक्रवार सुबह तक आगामी 24 घंटों के दौरान मौसम शुष्क रहने की संभावना है। साथ ही आंशिक तौर पर बदली छाने के कारण रात के तापमान में और गिरावट आ सकती है।

घाटी में सभी झीलें जम गई हैं, जिसके कारण मछुआरों और नाविकों को जमी हुई झीलों से रास्ता पार करने में काफी कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493