गोवा चुनाव के लिए कांग्रेस की पहली सूची में चार पूर्व मुख्यमंत्री

नई दिल्ली, 12 जनवरी (आईएएनएस)। गोवा में होने जा रहे विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस पार्टी ने गुरुवार को 27 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की। इस सूची में प्रदेश के चार पूर्व मुख्यमंत्रियों के नाम हैं जबकि कई नए चेहरे भी शामिल हैं।

नई दिल्ली में कांग्रेस महासचिव मधुसूदन मिस्त्री ने उम्मीदवारों की यह सूची जारी की।

सूची में पूर्व मुख्यमंत्री प्रतापसिंह राणे (पोरिएम), रवि नाइक (पोंडा), दिगंबर कामत (मडगांव) और लुईजिन्हो फलेरियो (नवेलिम) के नाम शामिल हैं।

कांग्रेस कार्यसमिति के पूर्व सदस्य फलेरियो अभी गोवा की कांग्रेस इकाई के अध्यक्ष हैं।

इस सूची में तीन महिला प्रत्याशी भी हैं। इनके नाम जेनिफर मोन्सेराते (तालेईगांव), उर्मिला नाईक (माडकाई) और सावित्री कावलेकर (संगूएम) हैं।

सावित्री कावलेकर क्वेपेम के विधायक चंद्रकांत कावलेकर की पत्नी हैं। कांग्रेस की पहली सूची में चंद्रकांत का भी नाम शामिल है।

इस सूची में पिता-पुत्र प्रतापसिंह राणे और विश्वजीत राणे (वालपोई) दोनों के नाम हैं।

कांग्रेस की ओर से विधानसभा चुनाव लड़ने के लिए जिन 27 उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की गई है, उनमें 11 पहली बार चुनाव लड़ रहे हैं।

कांग्रेस का दो क्षेत्रीय दलों गोवा फारवर्ड और युनाइटेड गोवा पार्टी से गठबंधन हो सकता है।

पार्टी सूत्रों ने कहा कि इन तीनों दलों के नेताओं के बीच सीटों की साझीदारी को लेकर अंतिम दौर की बातचीत जारी है।

40 सदस्यीय गोवा विधानसभा का चुनाव चार फरवरी को होना है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493