मास्को, 12 जनवरी (आईएएनएस)। विश्व वरीयता में तीसरे स्थान पर रह चुकीं रूस की महिला टेनिस खिलाड़ी नाडिया पेत्रोवा ने गुरुवार को संन्यास की घोषणा कर दी।
पेत्रोवा मार्च 2014 से ही चोट के चलते कोर्ट से दूर थीं।
समाचार एजेंसी एफे के मुताबिक, 19 साल के लंबे करियर में पेत्रोवा ने 14 एकल खिताब, 24 युगल खिताब अपने नाम किए और महिला टेनिस संघ (डब्ल्यूटीए) की रैंकिंग में मई 2006 में वह तीसरे स्थान पर पहुंचीं।
डब्ल्यूटीए की आधिकारिक वेबसाइट पर पेत्रोवा के हवाले से लिखा गया है कि वह अपनी जिंदगी में कुछ और करना चाहती हैं और आगे बढ़ना चाहती हैं क्योंकि वह चोट से पूरी तरह से ठीक नहीं हो पाई हैं।
रूस की खिलाड़ी का करियर चोटों और 2013 में मां की मौत के बाद से ही बेपटरी रहा।
उन्होंने कहा, “यह काफी दर्दनाक है क्योंकि मैं असहाय महसूस कर रही थी और मैं अब उस तरह की खिलाड़ी नहीं रही जो पहले हुआ करती थी।”
पेत्रोवा का सपना कोर्ट पर वापसी करने का था लेकिन उनकी चोट के कारण उन्हें खेल को अलविदा कहना पड़ा।
dharmpath.com dharmpath