सुरजीत सिंह बरनाला का निधन, बादल ने जताया शोक (लीड-1)

चंडीगढ़, 14 जनवरी (आईएएनएस)। पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री और तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश व उत्तराखंड के राज्यपाल रह चुके सुरजीत सिंह बरनाला का यहां शनिवार को निधन हो गया। वह 91 वर्ष के थे।

उनके निधन पर पंजाब के मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल ने शोक व्यक्त किया है।

सन् 1985-1987 के बीच पंजाब के मुख्यमंत्री रह चुके बरनाला को अस्वस्थ होने पर हाल ही में चंडीगढ़ के पोस्ट गै्रजुएट इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल रिसर्च (पीजीआईएमईआर) में भर्ती कराया गया था, जहां शनिवार को उन्होंने अंतिम सांस ली।

बरनाला 1990-91 तथा 2004-2011 के बीच तमिलनाडु तथा 2003-04 के बीच आंध्र प्रदेश के राज्यपाल रहे। नवगठित राज्य उत्तरांचल (अब उत्तराखंड) के वह पहले राज्यपाल (नवंबर 2000 से जनवरी 2003) बने।

उन्होंने राज्यपाल के रूप में उड़ीसा (अब ओडिशा) का भी अतिरिक्त प्रभार संभाला था। वह अंडमान एवं निकोबार तथा पांडिचेरी (अब पुदुच्चेरी) के उपराज्यपाल भी रहे।

मोरारजी देसाई की जनता पार्टी की सरकार में वह केंद्रीय कृषि मंत्री, जबकि अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार में केंद्रीय रसायन व उर्वरक मंत्री रहे।

बादल ने बरनाला के निधन पर संवेदना जताते हुए तमिलनाडु के राज्यपाल, पंजाब के मुख्यमंत्री एवं केंद्रीय मंत्री के रूप में उनके द्वारा दी गई सेवाओं का स्मरण किया।

उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री एक सक्षम प्रशासक व एक नेक इंसान थे।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493