पणजी, 15 जनवरी (आईएएनएस)। कांग्रेस पार्टी ने आगामी गोवा विधानसभा चुनाव के लिए सात उम्मीदवारों की अपनी दूसरी सूची रविवार को जारी की। इस तरह 40 सदस्यीय विधानसभा के चुनाव के लिए अबतक पार्टी के 34 उम्मीदवारों के नाम तय हो गए।
इस कदम से राज्य में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के गठबंधन की संभावना खत्म हो गई लगती है। राकांपा के राज्य में वास्को और बेनौलिम सीट से लड़ने की मंशा थी, जहां से कांग्रेस ने क्रमश: सैफुल्ला खान और एडविन बरेटो को मैदान में उतारा है।
ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी ने अन्य जिन पांच नामों पर रविवार को मुहर लगाई, उसमें विजय भिके (मपुसा), जोसेफ सेक्यूरिया (कलांगुते), टोनी फर्नाडीस (सेंट क्रूज), फियाल्हो जेवियर (कमबर्जुआ) और संतोष सावंत (माएम) शामिल हैं।
कांग्रेस ने 12 जनवरी को 27 उम्मीदवारों की अपनी पहली सूची जारी की थी।
राज्य में चार फरवरी को विधानसभा चुनाव के लिए मतदान होने हैं।
कांग्रेस 2012 के विधानसभा चुनाव में अप्रत्याशित रूप से नौ सीटें ही हासिल कर पाई थी। लिहाजा कांग्रेस एक गठबंधन बनाने के लिए गोवा फारवर्ड नामक क्षेत्रीय पार्टी से अभी भी बातचीत कर रही है।
ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी के महासचिव गिरीश चोडनकर ने आईएएनएस से कहा, “अंतिम सूची गठबंधन पर चल रही बातचीत पर निर्भर करेगी। कांग्रेस 17 जनवरी को गठबंधन पर अपनी रुख स्पष्ट करेगी।”
dharmpath.com dharmpath