अमरिंदर का लांबी से चुनाव लड़ना बादल की मदद के लिए : केजरीवाल

नई दिल्ली, 16 जनवरी (आईएएनएस)। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने सोमवार को कहा कि पंजाब कांग्रेस प्रमुख कैप्टन अमरिंदर सिंह ने लांबी से चुनाव लड़ने का फैसला किया है ताकि वह सूबे के मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल की चुनाव जीतने में मदद कर सकें।

केजरीवाल ने एक वीडियो संदेश में कहा कि अमरिंदर सिंह ने यह कहकर ‘पंजाब के लोगों की पीठ में छुरा घोंपा है’ कि वह अपनी पारंपरिक सीट पटियाला के साथ-साथ लांबी से भी चुनाव लड़ेंगे।

लांबी प्रकाश सिंह बादल का निर्वाचन क्षेत्र है।

केजरीवाल ने कहा कि अमरिंदर सिंह और बादल के बीच ‘समझौता’ हुआ है जिसके बाद अमरिंदर ने लांबी से चुनाव लड़ने का ऐलान किया ताकि अकाली विरोधी वोटों में सेंध लगाकर बादल को जितवाया जा सके।

आम आदमी पार्टी ने लांबी सीट से जरनैल सिंह को चुनावी मैदान में उतारा है।

केजरीवाल ने पूछा कि अमरिंदर सिंह दो निर्वाचन क्षेत्रों से क्यों चुनाव लड़ रहे हैं और वह बादल को सीधे चुनौती क्यों दे रहे हैं जबकि उन्होंने ऐसा पहले कभी नहीं किया?

केजरीवाल ने कहा, “सभी को पता है कि जरनैल सिंह का चुनाव प्रचार बढ़िया चल रहा है। ऐसे में बादल ने अमरिंदर सिंह से लांबी से चुनाव लड़ने का आग्रह किया ताकि अकाली विरोधी वोट विभाजित हो सके।”

आम आदमी पार्टी नेता ने अमरिंदर और बादल की लड़ाई को ‘दोस्तान मैच’ करार देते हुए कहा, “जरनैल सिंह जीतेंगे फिर चाहे लांबी में जो भी चल रहा हो..और आपको यहां से इस तरह से बाहर निकाला जाएगा कि आपको यह पूरी जिंदगी याद रहेगा।”

पंजाब विधानसभा चुनाव में इस बार सत्तारूढ़ अकाली दल-भारतीय जनता पार्टी गठबंधन, कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के बीच त्रिकोणीय मुकाबला है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493