लखनऊ, 16 जनवरी (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के पहले चरण का नामांकन शुरू होने से ठीक पहले भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने 149 उम्मीदवारों की पहली सूची सोमवार को जारी कर दी। इस सूची में भाजपा के वर्तमान विधायक अपना टिकट बचाने में कामयाब रहे हैं, वहीं लखनऊ की विधानसभाओं पर अभी भी उम्मीदवारों का फैसला नहीं हो पाया है।
भाजपा ने यूपी में पहले और दूसरे चरण के मतदान के लिए 149 प्रत्याशियों की सूची जारी की। सूची के मुताबिक, मुख्य तौर पर गाजियाबाद से अतुल गर्ग, मेरठ से लक्ष्मीकांत वाजपेयी, थानाभवन सीट से सुरेश राणा और बिजनौर से रौशन चौधरी टिकट पाने में कामयाब रहे।
मुरादाबाद से रितेश गुप्ता, बिलारी से सुरेश सैनी, बरेली कैंट से राजेश अग्रवाल, बुढ़ाना से उमेश मलिक, खतौनी विक्रम सिंह और मीरगंज से डॉक्टर वर्मा को टिकट दिया गया है। अमनपुर से देवेंद्र प्रताप सिंह को टिकट तथा सहारनपुर से मनोज चौधरी टिकट पाने में कामयाब रहे हैं।
गोरखपुर से राधा मोहन अग्रवाल, उन्नाव से पंकज गुप्ता, जगन प्रसाद गर्ग को आगरा उत्तरी से, योगेंद्र उपाध्याय को आगरा दक्षिण से टिकट दिया गया है।
वर्तमान विधायक मनीष असीजा को फिरोजाबाद से और मुजफ्फरनगर दंगे से चर्चा में आए संगीत सोम को सरधना से तथा श्रीकांत शर्मा को मथुरा शहर से टिकट दिया गया है। उदयभान सिंह चौधरी को फतेहपुर सीकरी व कपिल देव अग्रवाल को खतौली से टिकट पाने में कामयाब हुए हैं।
dharmpath.com dharmpath