चेन्नई, 16 जनवरी (आईएएनएस)। द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (द्रमुक) के कार्यकारी अध्यक्ष और तमिलनाडु विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष एम. के. स्टालिन ने सोमवार को पशु अधिकारों के लिए काम करने वाले गैर सरकारी संगठन पेटा को राष्ट्रविरोधी बताते हुए केंद्र सरकार से इस पर प्रतिबंध लगाने का आग्रह किया।
स्टालिन ने केंद्र सरकार से पशु कल्याण बोर्ड के मौजूदा प्रबंधन को भंग कर नए सिरे से प्रबंधन टीम गठित करने का अनुरोध भी किया, जिसमें तमिलनाडु का प्रतिनिधित्व भी हो।
स्टालिन ने एक वक्तव्य जारी कर कहा, “तभी जाकर यह समझ आएगा कि जल्लीकट्टू जैसे पारंपरिक खेल पशुओं के साथ क्रूरता करने वाले खेल नहीं हैं, बल्कि मनुष्यों और पशुओं के बीच हमारे सांस्कृतिक संबंध को मजबूत करता है।”
स्टालिन ने कहा कि सर्वोच्च न्यायालय के फैसले के अनुरूप पर्याप्त सुरक्षाकवच पहनकर जल्लीकट्टू का खेल होना चाहिए।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के पेटा जैसे दूसरे गैर सरकारी संगठनों को भी प्रतिबंधित कर देना चाहिए, जो भारतीय संस्कृति, परंपरा के खिलाफ काम करते हैं और राष्ट्रविरोधी हैं।
dharmpath.com dharmpath