वाशिंगटन, 17 जनवरी (आईएएनएस)। वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मदुरो का कहना है कि राष्ट्रपति के रूप में डोनाल्ड ट्रंप के कामकाज को देखने के बाद ही कोई राय बनाई जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि उन्हें नहीं लगता कि ट्रंप, बराक ओबामा से भी अधिक ‘खराब’ राष्ट्रपति हो सकते हैं।
मदुरो ने सोमवार को कहा, “हमें इंतजार करना होगा। नवनिर्वाचित राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के संदर्भ में अंतर्राष्ट्रीय मीडिया ने बहुत अंदेशा जताया है और हम उनके खिलाफ अमेरिका, पश्चिमी जगत और और पूरे विश्व में हो रहे घृणा प्रचार से बहुत चकित हैं।”
उन्होंने कहा, “मैं विवेकपूर्ण होना चाहता हूं और हमें उम्मीद है कि वह ओबामा से अधिक बुरे तो नहीं ही होंगे।”
समाचार एजेंसी एफे के मुताबिक, मदुरो ने कहा कि लोगों को इंतजार करना और देखना चाहिए कि ट्रंप अमेरिका की घरेलू और अंतर्राष्ट्रीय नीतियां किस तरह निर्धारित करते हैं। उन्होंने कहा कि वह अमेरिका के साथ सम्मान, संवाद और सहयोग के संबंध चाहते हैं।
उन्होंने कहा, “हमें वैश्विक राजनीति मे बड़े बदलाव की उम्मीद है और सबसे बड़े बदलावों में से एक बदलाव को यकीनन ट्रंप काल कहा जाएगा।”
मदुरो ने कहा कि ओबामा ने अफ्रीका और एशिया में युद्धों की विरासत छोड़ी है। वह आतंकवाद से त्रस्त एक विश्व छोड़कर जा रहे हैं, लैटिन अमेरिका में तीन तख्तपलटों को भी याद रखा जाएगा जिसमें 2009 में होंडुरास के राष्ट्रपति मैन्युएल जेलाया, 2012 में पैराग्वे के फर्नाडो लुगो और 2016 में ब्राजील में डिल्मा रॉसेफ का तख्तापलट शामिल है।
dharmpath.com dharmpath