मुख्यमंत्री उम्मीदवार का फैसला सोनिया करेंगी : अमरिंदर

पटियाला, 17 जनवरी (आईएएनएस)। पंजाब प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह ने मंगलवार को कहा कि उनके मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार होने के बारे में उन्हें जानकारी नहीं है और यह तय करने का दायित्व पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी पर है।

आगामी चार फरवरी को होने वाले चुनाव के लिए अपने गृहनगर पटियाला में पटियाला शहरी विधानसभा सीट से अपना नामांकन पत्र भरने से पहले सिंह संवाददाताओं से बातचीत कर रहे थे।

उन्होंने क्रिकेट से राजनीति में आए नवजोत सिंह सिद्धू के कांग्रेस में शामिल होने के वक्त राष्ट्रीय राजधानी में अपनी अनुपस्थिति के बारे में स्पष्टीकरण दिया।

सिंह ने कहा, “मुझे दिल्ली में रहना चाहिए या पंजाब में प्रचार करना चाहिए? चुनाव प्रचार के लिए मेरे पास केवल 12-14 दिन बचे हैं।”

उन्होंने कहा, “पूरे चुनाव प्रचार का दायित्व मेरे ऊपर है, आप यह सवाल क्यों पूछ रहे हैं?”

पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री ने पूर्व क्रिकेटर के साथ किसी तरह की सौदेबाजी से इनकार किया। उन्होंने कहा कि सिद्धू के साथ कुछ दिनों से बातचीत चल रही थी।

सिंह ने कहा, “सिद्धू के साथ कोई सौदेबाजी नहीं हुई है। नवजोत कांग्रेस में शामिल होना चाहते थे। कुछ दिनों से बातचीत चल रही थी। मैंने भी उनसे तीन-चार बार मुलाकात की थी।”

सिंह की तरह सिद्धू भी पटियाला के रहने वाले हैं। हालांकि वह भारतीय जनता पार्टी के टिकट पर अमृतसर से तीन बार लोकसभा के लिए चुने गए थे।

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा, “सिद्धू के पिता भगवंत सिंह कांग्रेसी थे। वह पटियाला जिला कांग्रेस के महासचिव थे, जब मेरी मां जिला कांग्रेस की अध्यक्ष थीं।”

कांग्रेस नेता ने कहा, “सिद्धू ने कभी नहीं कहा कि कांग्रेस की सरकार बनने पर उन्हें कोई महत्वपूर्ण दायित्व मिलेगा। उन्होंने कहा था कि यह उनकी घर वापसी है।”

सिंह ने कहा कि वह पटियाला शहरी और लांबी दोनों विधानसभा क्षेत्रों से चुनाव लड़ रहे हैं, क्योंकि उन्होंने पटियाला से अपने राजनीतिक सफर की शुरुआत की थी और इस सफर को वहीं खत्म करना चाहते हैं।

उन्होंने कहा, “यह मेरा अंतिम चुनाव है। लांबी में मैं मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल को चुनौती दे रहा हूं। मैं उन लोगों (बादल परिवार) को एक सबक सिखाना चाहता हूं, जिन्होंने पंजाब को लूटा है।”

उन्होंने एक बार फिर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को पटियाला से चुनाव लड़ने की चुनौती दी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493