दमिश्क, 18 जनवरी (आईएएनएस)। कजाकिस्तान की राजधानी अस्ताना में सीरिया मुद्दे पर होने वाली वार्ता में संयुक्त राष्ट्र में कार्यरत सीरिया के स्थायी प्रतिनिधि के नेतृत्व में सीरियाई प्रतिनिधिमंडल शामिल होगा। इसमें 10 राजनयिक, सांसद, सैन्य कर्मी शामिल होंगे।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के मुताबिक, बशर जाफरी इस सरकारी प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करेंगे, जिसमें विदेश मंत्री के सलाहकार अहमद अरनूस, मास्को में कार्यरत सीरिया के राजदूत रियाद हद्दाद और सीरियाई सांसद अहमद कुजबरी शामिल होंगे।
समाचार पत्र अल-वतन ने जानकारी दी कि प्रतिनिधिमंडलमें तीन सीरियाई अधिकारी भी शामिल हैं।
निर्धारित वार्ता में दो मुद्दों को शामिल किया गया है। पहला मुद्दा सीरियाई सरकार और विद्रोही प्रतिनिधियों के बीच समावेशी राष्ट्रव्यापी संघर्ष विराम पर आधारित है और दूसरा मुद्दा राजनीतिक समाधान के लिए सिद्धांतों की खोज करना है।
अस्ताना में 23 जनवरी को होने वाली वार्ता में नौ विद्रोही समूह भी हिस्सा लेने पर सहमत हो गए हैं, जो हाल ही में तुर्की और रूस के बीच हुए समझौते का परिणाम है।
इस वार्ता में शामिल होने वाला सबसे प्रमुख विद्रोही समूह जैश अल-इस्लाम या इस्लाम आर्मी है, जिसका राजधानी दमिश्क के पूर्व में कई महत्वपूर्ण इलाकों पर नियंत्रण है।
रिपोर्ट में कहा गया कि हर विद्रोही समूह अपने प्रतिनिधि भेजेगा। यह भी कहा गया कि तुर्की पक्ष को नामों की सूची पहले ही सौंप दी गई है, जो रूस के साथ समन्वय करेगा।
dharmpath.com dharmpath