नई दिल्ली, 18 जनवरी (आईएएनएस)। केंद्रीय मंत्रिमंडल ने बुधवार को झारखंड में कृषि अनुसंधान संस्थान स्थापित करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी।
एक आधिकारिक वक्तव्य में कहा गया, “केंद्रीय मंत्रिमंडल ने झारखंड में भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान (आईएआरआई) की स्थापना को मंजूरी दे दी।”
वक्तव्य में कहा गया है, “झारखंड सरकार द्वारा हजारीबाग जिले के बारही ब्लॉक स्थित गौरिया कर्मा गांव में आवंटित की गई 1,000 एकड़ भूमि पर इस कृषि अनुसंधान संस्थान के निर्माण में 200.78 करोड़ रुपये की लागत आएगी।”
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में मंत्रिमंडल ने यह निर्णय लिया। गौरतलब है कि झारखंड में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार है।
वक्तव्य में कहा गया है कि झारखंड आईएआरआई अपने आप में अनूठा संस्थान होगा, जिसमें दिल्ली स्थित आईएआरआई की सारी खूबियां होंगी। इस संस्थान में कृषि से जुड़े करीब-करीब सभी विषय- फसलों, बागवानी, कृषि वानिकी, पशुपालन, मत्स्य पालन, मुर्गी पालन, सुअर पालन, सिल्क उत्पादन और शहद उत्पादन- शामिल होंगे।
आईएआरआई कृषि की चुनौतियों उत्तरी भारत में कृषि की जटिलता पर सभी केंद्र और राज्य सरकार के अनुसंधान संस्थाओं, विकास संस्थाओं और निजी कंपनियों के साथ मिलकर काम करेगा।
dharmpath.com dharmpath